एलपीजी कोटे में वृद्धि से चारधाम यात्रा को मिलेगी मजबूती, आपूर्ति बाधित नहीं होगी : महेन्द्र भट्ट

WhatsApp Channel Join Now
एलपीजी कोटे में वृद्धि से चारधाम यात्रा को मिलेगी मजबूती, आपूर्ति बाधित नहीं होगी : महेन्द्र भट्ट


एलपीजी कोटे में वृद्धि से चारधाम यात्रा को मिलेगी मजबूती, आपूर्ति बाधित नहीं होगी : महेन्द्र भट्ट


देहरादून, 03 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए केंद्र सरकार की ओर से व्यावसायिक एलपीजी कोटे में 6 प्रतिशत वृद्धि के निर्णय का स्वागत किया है।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने शुक्रवार को एक जारी बयान में कहा कि यात्रा मार्गों पर संचालित ढाबों, रेस्टोरेंटों और होटलों में एलपीजी की कमी नहीं आने दी जाएगी। राज्य सरकार और केंद्र के समन्वय से एलपीजी एवं अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इससे यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। भट्ट ने बताया कि केंद्र सरकार पहले ही प्रदेश को 20 प्रतिशत अतिरिक्त एलपीजी कोटा उपलब्ध करा चुकी है,जबकि अब 6 प्रतिशत अतिरिक्त व्यावसायिक कोटा भी दिया गया है।

महेन्द्र भट्ट के अनुसार, वैश्विक परिस्थितियों,विशेषकर खाड़ी क्षेत्र में उत्पन्न संकट के मद्देनजर सरकार आपूर्ति व्यवस्था को लेकर सतर्क है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यात्रा मार्गों पर पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की उपलब्धता भी निर्बाध बनी रहेगी और इसके लिए संबंधित विभाग सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इससे लाखों लोगों की आजीविका जुड़ी हुई है। ऐसे में एलपीजी और ईंधन की कमी को लेकर फैलने वाली अफवाहों से बचना आवश्यक है। उन्होंने आमजन से अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करने और यात्रा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।

श्री भट्ट ने राज्य सरकार की तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में इस वर्ष की यात्रा को सफल,सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि “अतिथि देवो भवः” की भावना के साथ इस बार की यात्रा नए मानक स्थापित करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story