राष्ट्र सर्वोपरि की विचारधारा पर 2027 में उत्तराखंड में जीत की हैट्रिक लगाएंगे : महेंद्र भट्ट

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्र सर्वोपरि की विचारधारा पर 2027 में उत्तराखंड में जीत की हैट्रिक लगाएंगे : महेंद्र भट्ट


-पूर्व सैन्य अधिकारी और विभिन्न दलों के नेता भाजपा में शामिलदेहरादून, 09 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि राष्ट्र सर्वोपरि की विचारधारा और सैन्य अनुशासन की भावना के साथ भाजपा आगे बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।

सांसद भट्ट रविवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित ज्वाइनिंग कार्यक्रम में सैकड़ों पूर्व सैन्य अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं के पार्टी की सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने पूर्व सैन्य अधिकारियों एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों को पार्टी का पटका पहनाकर सदस्यता दिलाई। भाजपा में शामिल होने वालों में यूकेडी के केंद्रीय प्रवक्ता एवं सेवानिवृत्त कैप्टन राकेश ध्यानी, डीआईजी धर्म शक्तु, पूर्व नौसेना अधिकारी उमेश कुनियाल, कर्नल नवीन मिश्रा, कर्नल एससी शर्मा, बलिदानी पत्नी एवं लोकगायिका महिमा उनियाल, कीर्तिचक्र सम्मानित शहीद अजय वर्धन तोमर की पत्नी लक्ष्मी तोमर और समाजसेवी इलियास अहमद सहित कई लोग शामिल रहे।

इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष भट्ट ने कहा कि भाजपा की वैचारिक पृष्ठभूमि में राष्ट्र सर्वोपरि है और यही भावना सैनिकों को भी देशसेवा के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेना का आधुनिकीकरण हुआ है और देश की सुरक्षा क्षमता मजबूत हुई है। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज भारत आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने में सक्षम है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने दशकों से लंबित वन रैंक वन पेंशन को लागू किया है। उत्तराखंड सरकार की ओर से वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों के लिए सम्मान राशि बढ़ाने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सैनिकों के मन में यह विश्वास पैदा हुआ है कि केंद्र और राज्य की सरकारें उनके हितों और सम्मान को लेकर गंभीर हैं।

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में सड़क, हवाई संपर्क, स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल के क्षेत्र में व्यापक काम हुआ है। उन्होंने कहा कि देहरादून से दिल्ली की दूरी कम समय में तय हो रही है और राज्य में चारधाम समेत धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर सुविधाओं का विस्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि आदि कैलाश की यात्रा में भी लगातार बढ़ोतरी हुई है। केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण और चारधाम यात्रा के विकास का श्रेय भी उन्होंने केंद्र सरकार को दिया।

उन्होंने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि उनके भाजपा में शामिल होने से संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि देश और संगठन को मजबूत करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि बिहार, पश्चिम बंगाल और असम के बाद उत्तराखंड में भी पार्टी को 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने के लिए मिलकर काम करना होगा।

प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रवादी और सांस्कृतिक विचारधारा के साथ समाज में एक सैनिक की तरह काम करता है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों को पार्टी में भी अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण का वही भाव मिलेगा, जो उन्होंने सैन्य सेवा के दौरान महसूस किया है।

भाजपा में शामिल हुए कैप्टन राकेश ध्यानी ने पूर्व सैनिकों की ओर से पार्टी नेतृत्व को भरोसा दिलाया कि संगठन की ओर से जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसे पूरी क्षमता और समर्पण के साथ निभाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक 2027 के विधानसभा चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाते हुए उत्तराखंड में भाजपा की सरकार बनाने में योगदान देंगे।

कार्यक्रम में कैप्टन पुष्कर, कर्नल राजीव रावत, कर्नल सतीश चंद्र शर्मा, कैप्टन हरीश चंद्र, सूबेदार सुभाष लखेड़ा, सूबेदार राकेश, डॉ. गंगा बिष्ट, डॉ. नितिन मिश्रा, शिवानंद उनियाल, राकेश मोहन रावत, इंजीनियर नरेंद्र भंडारी, एडवोकेट अमित तोमर, बलवंत सिंह पंवार, लक्ष्मण सिंह नेगी, एसआर नौटियाल, बीपी रतूड़ी, महावीर सिंह नेगी, संता प्रसाद, अनिल घनसाला, चंद्रकांत कोठारी, के अलावा नंदकिशोर जोशी, आकाश रावत, सुनील जुयाल, अर्चित कुकरेती, सौरभ नेगी, सुमन गोसाईं, विमल पोखरियाल, लता डंडरियाल, साक्षी पोखरियाल, मीना बिष्ट, सुषमा पटवाल, आशा रावत, संगीता, सोनालिका कोठारी, विमल गोसाईं, सुलोचना देवी, बिना बिष्ट, सुधा बिष्ट और हेमलता सहित सैकड़ों पूर्व सैनिक एवं बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।____________

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story