भाजपा ने विकास और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा, कहा- पहले अपने शासनकाल का हिसाब दें

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने विकास और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा, कहा- पहले अपने शासनकाल का हिसाब दें


-हरिद्वार में कार्यसमिति ने राजनीतिक प्रस्ताव सर्वसम्मति से किया पारित, त्रिवेंद्र ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, सुबोध उनियाल ने शैलजा पर किया पलटवार

हरिद्वार, 22 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा ने विकास, सुशासन और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए अपने राजनीतिक एजेंडे को धार दी है। हरिद्वार में आयोजित भाजपा की विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश सरकार के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में प्रस्तुत राजनीतिक प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया। वहीं, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के बयानों पर पलटवार करते हुए कांग्रेस से अपने शासनकाल के भ्रष्टाचार का हिसाब मांगा।

राजनीतिक प्रस्ताव का अनुमोदन करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पिछले दस वर्षों में प्रदेश सरकार ने जनकल्याण और विकास के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होमस्टे योजना, मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। आयुष्मान योजना से उत्तराखंड के 17 लाख से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं।

उन्होंने कहा कि चारधाम के अतिरिक्त सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है। सीमांत गांवों को प्रथम गांव के रूप में विकसित करने और स्टेट बॉर्डर डेवलपमेंट फंड से आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने से इन क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं खुली हैं। छोटे राज्य उत्तराखंड में दस मेडिकल कॉलेजों की उपलब्धता स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का उदाहरण है। किसानों और महिलाओं को छह लाख रुपये तक ब्याज रहित ऋण उपलब्ध कराने की योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रही हैं।

केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने प्रस्ताव का अनुमोदन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के सीमांत गांवों को अंतिम गांव के बजाय प्रथम गांव के रूप में पहचान मिली है। माणा और गूंजी जैसे सीमांत क्षेत्रों में सड़क, पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़े हैं। इससे रिवर्स पलायन को भी प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाना ही वास्तविक राष्ट्र निर्माण है।

टम्टा ने कहा कि देश का रक्षा निर्यात 40 हजार करोड़ रुपये से आगे निकल चुका है और सीमांत क्षेत्रों में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के माध्यम से सड़क निर्माण कार्य तेजी से हो रहे हैं। किसान सम्मान निधि से नौ करोड़ से अधिक किसानों को लाभ मिल रहा है। 'हाउस ऑफ हिमालयाज' ब्रांड के माध्यम से उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल रही है। मानसखंड और केदारखंड मंदिर माला मिशन के तहत मंदिरों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाएं भविष्य में पर्यटन और तीर्थयात्रियों की सुविधाओं को नई दिशा देंगी।

दूसरी ओर, देहरादून में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा सरकार पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को अपने शासनकाल के भ्रष्टाचार का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर था और सरकारी नौकरियों में योग्यता एवं मेहनत के बजाय पैसे के प्रभाव को लेकर गंभीर सवाल उठते रहे थे।

उनियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार और नकल माफिया के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। प्रदेश में देश का सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है और भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में 35 हजार से अधिक सरकारी नियुक्तियां की गई हैं। उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि उसके शासनकाल में भ्रष्टाचार के आरोपों पर क्या कार्रवाई हुई और युवाओं के भविष्य के साथ हुए कथित अन्याय की जवाबदेही किसने तय की।

उनियाल ने कहा कि उत्तराखंड की जनता कांग्रेस के शासनकाल को भूली नहीं है। भाजपा सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम कर रही है, जबकि कांग्रेस को दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय पहले अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए।

कार्यसमिति में इन नेताओं ने किया प्रस्ताव का अनुमोदन:

राजनीतिक प्रस्ताव का अनुमोदन कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, खजान दास, मदन कौशिक, दीप्ति रावत, हरिद्वार के जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, रुद्रप्रयाग के जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट और बागेश्वर की जिलाध्यक्ष प्रभाग गड़िया ने भी किया।

बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राम माधव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी एवं गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज, टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, नैनीताल सांसद अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंत्री और संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781454 Articles

Share this story