भाजपा प्रदेश पदाधिकारी बैठक में चुनावी तैयारियों का खाका तैयार, कार्यकर्ताओं को अभी से चुनावी मोड में जुटने का आह्वान

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा प्रदेश पदाधिकारी बैठक में चुनावी तैयारियों का खाका तैयार, कार्यकर्ताओं को अभी से चुनावी मोड में जुटने का आह्वान


भाजपा प्रदेश पदाधिकारी बैठक में चुनावी तैयारियों का खाका तैयार, कार्यकर्ताओं को अभी से चुनावी मोड में जुटने का आह्वान


-25 दिसंबर से 9 जनवरी तक गढ़वाल और कुमाऊं में अलग-अलग निकलेगी जन आशीर्वाद यात्रा, बूथ से लेकर विधानसभा स्तर तक होंगे सम्मेलन

हरिद्वार, 21 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज करते हुए संगठन को अभी से चुनावी मोड में सक्रिय होने का आह्वान किया है। शनिवार को हरिद्वार स्थित प्रेम नगर आश्रम में विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति के निमित्त आयोजित प्रदेश पदाधिकारी बैठक में बूथ से लेकर विधानसभा और लोकसभा क्षेत्र तक संगठनात्मक गतिविधियों का खाका तैयार किया गया। बैठक में 25 दिसंबर से 9 जनवरी तक प्रदेश में गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में अलग-अलग जन आशीर्वाद यात्राएं निकालने का निर्णय लिया गया।

बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी राम माधव, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज तथा प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्र नाथ शर्मा उपस्थित रहे। बैठक में सभी वक्ताओं ने प्रदेश पदाधिकारियों और जिला प्रभारियों से एकजुट होकर चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में सफलता के लिए संगठन की मजबूती और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता सबसे महत्वपूर्ण है।

बैठक में तय कार्यक्रमों के अनुसार प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में शक्ति केंद्र सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही सभी जनपदों में जिला स्तर और मंडल स्तर की बैठकें होंगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कोर कमेटी की बैठक आयोजित कर चुनावी रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।

संगठन की पहुंच बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए बूथ विजय अभियान और बूथ सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा विधानसभा स्तर पर भी सम्मेलन होंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, संगठनात्मक समन्वय बढ़ाने और चुनावी तैयारियों को गति देने पर जोर दिया गया।

बैठक में 25 दिसंबर से 9 जनवरी तक जन आशीर्वाद यात्रा आयोजित करने की रूपरेखा भी साझा की गई। इसके तहत गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में अलग-अलग यात्राएं निकाली जाएंगी। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों और जिला प्रभारियों को आगामी कार्यक्रमों की जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781220 Articles

Share this story