राम माधव बोले- 2017 और 2022 से भी बड़ी जीत की ओर बढ़ रही भाजपा, दिसंबर के सांगठनिक कार्यक्रमों का खाका तैयार

WhatsApp Channel Join Now
राम माधव बोले- 2017 और 2022 से भी बड़ी जीत की ओर बढ़ रही भाजपा, दिसंबर के सांगठनिक कार्यक्रमों का खाका तैयार


-राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष की मौजूदगी में प्रदेश मुख्यालय में हुईं तीन महत्वपूर्ण बैठकें

- 23 ऐसी विधानसभा सीटों का भी हुआ आकलन, जहां पिछले चुनाव में भाजपा को नहीं मिली थी जीत

-हर वर्ग तक पहुंचने, जनसंवाद और सरकार के रिपोर्ट कार्ड को जनता के बीच ले जाने की तैयारी

देहरादून, 15 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक और चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राम माधव, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में प्रदेश मुख्यालय में तीन महत्वपूर्ण बैठकें हुईं। इनमें दिसंबर माह के सांगठनिक कार्यक्रमों, चुनावी रणनीति, विधानसभा क्षेत्रवार स्थिति और जनता के बीच पार्टी की पहुंच मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में प्रदेश प्रभारी राम माधव ने कहा कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में पिछले दो चुनावों से भी बड़ी जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। पार्टी चुनाव की तैयारियां जोर-शोर से कर रही है और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री की मौजूदगी में चुनाव से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा कर रणनीति तैयार की गई है।

कांग्रेस की चुनावी तैयारियों को लेकर पूछे गए सवाल पर राम माधव ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में अंदरूनी रण बहुत चल रहा है। वहां शायद इसी रण को रोकने के लिए नीति बनाई जा रही होगी, जबकि भाजपा जनता का पहले से अधिक आशीर्वाद प्राप्त करने की योजना बना रही है।

बैठकों की जानकारी देते हुए प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने बताया कि भाजपा पूरी तरह चुनाव में जाने के लिए तैयार है। इसी दृष्टि से आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों को सफल बनाने, हर वर्ग और जाति तक पहुंचने तथा कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने पर चर्चा हुई। पार्टी की आउटरीच रणनीति के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय मुद्दों, समस्याओं और उनके समाधान के साथ सरकार की उपलब्धियों का अलग-अलग संकलन कर क्षेत्रवार योजना तैयार की जाएगी।

उन्होंने बताया कि प्रदेश की उन 23 विधानसभा सीटों का भी आकलन किया गया, जहां पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को जीत नहीं मिली थी और वर्तमान में पार्टी के विधायक नहीं हैं। इन क्षेत्रों में संगठन की स्थिति, स्थानीय मुद्दों और आगामी चुनाव की दृष्टि से आवश्यक तैयारियों पर भी विचार-विमर्श हुआ।

दीप्ति रावत ने बताया कि पार्टी का रिपोर्ट कार्ड भी शीघ्र जारी किया जाएगा। इसके विमोचन का कार्यक्रम जल्द निर्धारित होगा। इसके अलावा प्रदेश में मीडिया सेंटर शुरू करने की तैयारी है। आगामी 21 और 22 नवंबर को प्रस्तावित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को लेकर भी चर्चा हुई। इसी दौरान प्रदेश कोर कमेटी की बैठक भी होगी, जिसके एजेंडे और विषयों पर विचार किया गया।

पार्टी मुख्यालय में हुई तीन बैठकों में पहली बैठक प्रदेश महामंत्रियों और वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ, दूसरी मुख्यमंत्री एवं टोली के साथ और तीसरी बैठक विमर्श टीम के साथ हुई। इनमें राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी राम माधव, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन एवं बांसुरी स्वराज, प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा, राष्ट्रीय प्रवक्ता सिद्धार्थ यादव, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, ज्योति प्रसाद गैरोला, सुरेश भट्ट, बलराज पासी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान और मुख्य प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777689 Articles

Share this story