भाजपा ने प्रदेश मुख्यालय को चुनाव कार्यालय में बदला, 2027 के लिए चुनावी तैयारियां शुरू

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने प्रदेश मुख्यालय को चुनाव कार्यालय में बदला, 2027 के लिए चुनावी तैयारियां शुरू


देहरादून, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने प्रदेश मुख्यालय को विधिवत प्रदेश चुनाव कार्यालय के रूप में संचालित करना शुरू कर दिया है। मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-पूजन के साथ चुनाव कार्यालय का शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट, सह प्रभारी अरविंद मेनन, प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने हवन में आहुतियां देकर प्रदेश की सुख-समृद्धि और आगामी चुनाव में पार्टी की सफलता की कामना की।

इस अवसर पर संविधान दिवस के उपलक्ष्य में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि भी दी गई। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि चुनाव तक प्रदेश कार्यालय चुनावी प्रबंधन और समन्वय का मुख्य केंद्र रहेगा। यहीं से सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए चुनावी रणनीति, प्रचार अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रमों और बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। चुनाव से जुड़ी विभिन्न समितियों और विभागों के लिए भी कार्यालय में व्यवस्थाएं की गई हैं।

उन्होंने बताया कि जल्द ही जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में भी चुनाव कार्यालय शुरू किए जाएंगे। भट्ट ने कहा कि प्रदेश चुनाव कार्यालय का संचालन शुरू होना वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783732 Articles

Share this story