हरिद्वार की भाजपा कार्यसमिति से होगा चुनावी शंखनाद, मेनन बोले- तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य

WhatsApp Channel Join Now
हरिद्वार की भाजपा कार्यसमिति से होगा चुनावी शंखनाद, मेनन बोले- तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य


देहरादून, 16 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी की हरिद्वार में होने वाली विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति को चुनावी शंखनाद के रूप में देखा जा रहा है। भाजपा प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने सोमवार को कहा कि कार्यसमिति से निकली जीत की गूंज प्रदेशभर में सुनाई देगी। पार्टी का लक्ष्य उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाना है।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में हरिद्वार में प्रस्तावित दो दिवसीय विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में मेनन ने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को संगठन की ओर से तय 70 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी मजबूती से काम करना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा को केवल चुनाव जीतने के लिए नहीं, बल्कि उत्तराखंड और देश को विकसित बनाने के लिए भी सत्ता में आना जरूरी है।

मेनन ने कहा कि राज्य गठन के बाद भाजपा ने अधिकांश विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं। सरकारों की उपलब्धियों को कार्यकर्ताओं को घर-घर तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि चुनाव में प्रत्याशी भले ही 70 होंगे, लेकिन बाकी सभी कार्यकर्ताओं को चुनाव लड़ाने की जिम्मेदारी निभानी है। इसके लिए समर्पण, संवाद, सहयोग और संपर्क के माध्यम से संगठन को मजबूत करना होगा।

प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि पिछले करीब पांच वर्षों में प्रदेश सरकार ने कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। अब अगले तीन महीने इन उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को कड़ी मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा के अनुकूल माहौल है, लेकिन किसी भी चुनौती को हल्के में नहीं लेना चाहिए। विपक्षी दलों के एकजुट होकर चुनाव लड़ने की संभावना को देखते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरना होगा।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि हरिद्वार की कार्यसमिति में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का मार्गदर्शन मिलेगा, जो पार्टी की जीत की संभावनाओं को और प्रबल करेगा। कार्यसमिति, जनसभाओं और रैलियों के माध्यम से प्रदेश में पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा ने विभिन्न मोर्चों के कार्यक्रमों की समीक्षा की और बूथ सशक्तीकरण अभियान को शक्ति केंद्र स्तर पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यसमिति की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को चुनावी दृष्टि से प्रभावी बनाने का आह्वान किया। बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल सहित प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और सह प्रभारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778227 Articles

Share this story