भाजपा प्रदेश अनुशासन समिति के अध्यक्ष बने बलवंत सिंह भौर्याल
देहरादून, 27 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तराखंड ने संगठनात्मक अनुशासन को मजबूत करने की दिशा में प्रदेश अनुशासन समिति का गठन किया है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति के बाद शुक्रवार को समिति की आधिकारिक घोषणा की गई। पार्टी ने पूर्व कैबिनेट मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल को समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं कार्यालय प्रभारी कुंदन परिहार की ओर से जारी सूची के अनुसार, समिति में चार सदस्यों को शामिल किया गया है। इनमें सांसद दिनेश आर्य, दायित्वधारी शांति मेहरा और प्रदेश कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्य वाचस्पति सेमवाल और अतर सिंह तोमर शामिल हैं। इस तरह प्रदेश अनुशासन समिति में अध्यक्ष समेत कुल पांच पदाधिकारी होंगे। समिति में जनप्रतिनिधियों के साथ संगठन से जुड़े अनुभवी नेताओं को भी स्थान दिया गया है।
पार्टी की ओर से जारी नियुक्ति संबंधी पत्र पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति का उल्लेख है। समिति के गठन को प्रदेश संगठन में अनुशासन संबंधी मामलों के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

