कांग्रेस पर भाजपा का हमला, यशपाल के आचरण से लेकर खरगे के बयानों की आलोचना

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस पर भाजपा का हमला, यशपाल के आचरण से लेकर खरगे के बयानों की आलोचना


देहरादून, 09 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस नेताओं के एसएसपी कार्यालय में कथित अभद्र व्यवहार और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के रुद्रपुर दौरे में दिए गए बयानों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।

कैबिनेट मंत्री खजान दास ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के एसएसपी कार्यालय में व्यवहार को पद की गरिमा के विपरीत, अमर्यादित और अलोकतांत्रिक बताया। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने खरगे के बयानों पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस पर उसके कथित भ्रष्टाचार और राजनीतिक इतिहास को लेकर निशाना साधा।

खजान दास ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक राजनीतिक दल और जनप्रतिनिधि को अपनी बात रखने तथा विरोध दर्ज कराने का अधिकार है, लेकिन सरकारी कार्यालय में जाकर ड्यूटी पर तैनात अधिकारी के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी कठिन परिस्थितियों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने का दायित्व निभाते हैं और जनप्रतिनिधियों को अपने मतभेदों का समाधान संवाद एवं लोकतांत्रिक मर्यादा के भीतर करना चाहिए।

कैबिनेट मंत्री ने आरोप लगाया कि यशपाल आर्य का व्यवहार कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी और आलाकमान के सामने एक-दूसरे से बड़ा दिखने की होड़ का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता अपने राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने खुद को अधिक प्रभावशाली दिखाने की कोशिश में अराजकता और अलोकतांत्रिक व्यवहार की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आलाकमान के सामने अराजक दिखने की होड़ में यशपाल आर्य भले ही आगे निकल गए हों, लेकिन जनता की नजर में कांग्रेस फिर हार गई है।

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के रुद्रपुर दौरे में लगाए गए आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि खरगे को सम्मान और संस्कार की बात करते समय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी का दौर तो याद है, लेकिन कांग्रेस के कथित भ्रष्टाचार और उसके राजनीतिक इतिहास को भी याद करना चाहिए।

उन्होंने कांग्रेस पर जनरल बिपिन रावत के कथित अपमान पर खामोश रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब कांग्रेस देशभक्ति और धर्म को लेकर ज्ञान दे रही है। उन्होंने कांग्रेस के राम मंदिर को लेकर पुराने रुख पर भी सवाल उठाए और कहा कि जो लोग लंबे समय तक राम मंदिर निर्माण का विरोध करते रहे,वे अब मंदिर से जुड़ी घटनाओं को लेकर घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं।

____________

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story