बैणी-भुली योजना पर आपत्ति और महिला आरक्षण का विरोध कांग्रेस का मातृशक्ति विरोधी चेहरा : महेंद्र भट्ट

WhatsApp Channel Join Now
बैणी-भुली योजना पर आपत्ति और महिला आरक्षण का विरोध कांग्रेस का मातृशक्ति विरोधी चेहरा : महेंद्र भट्ट


बैणी-भुली योजना पर आपत्ति और महिला आरक्षण का विरोध कांग्रेस का मातृशक्ति विरोधी चेहरा : महेंद्र भट्ट


देहरादून, 29 नवंबर (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने बैणी-भुली योजना पर कांग्रेस की आपत्तियों और महिला आरक्षण को लेकर विपक्ष के रुख पर आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मोदी विरोध करते-करते मातृशक्ति के विरोध में उतर आई है। यदि प्रदेश कांग्रेस नेताओं में थोड़ी भी उत्तराखंडियत और देवभूमि के प्रति मातृत्व भाव शेष है तो उन्हें महिला आर्थिक सशक्तिकरण की बैणी-भुली योजना का समर्थन करना चाहिए।

रविवार को मीडिया के सवालों के जवाब में महेंद्र भट्ट ने कहा कि देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी नकारात्मक राजनीति की पराकाष्ठा कर रही है। हार की हताशा और मोदी विरोध के चलते कांग्रेस को महिलाओं के अधिकारों, विकास योजनाओं और राजनीति के बीच अंतर दिखाई नहीं दे रहा है। देहरादून से दिल्ली तक कांग्रेस महिला विरोधी रवैया अपना रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार मातृशक्ति के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए बैणी-भुली योजना लागू करने जा रही है। विपक्ष को इसमें सकारात्मक सहयोग करना चाहिए था, लेकिन योजना के विरोध में नकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कांग्रेस नेता हर विषय को राजनीतिक नफा-नुकसान के नजरिये से देख रहे हैं। उन्हें आशंका है कि महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने से उनकी राजनीतिक राय भाजपा के पक्ष में मजबूत हो सकती है। इसी कारण योजना के क्रियान्वयन की समयावधि पर सवाल उठाकर इसमें बाधा डालने का प्रयास किया जा रहा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश कांग्रेस नेताओं से केंद्रीय नेतृत्व की सोच से प्रभावित हुए बिना बैणी-भुली योजना का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण से लेकर विकास तक मातृशक्ति का अतुलनीय योगदान रहा है। महिलाओं के इस योगदान के सम्मान में योजना का समर्थन किया जाना चाहिए।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि चुनाव में हार-जीत लगी रहती है, लेकिन महिलाओं के सशक्तिकरण और प्रदेश के विकास की रफ्तार किसी भी कीमत पर कम नहीं होनी चाहिए। अच्छे कार्यों के लिए हर समय अनुकूल होता है और चुनाव या अन्य राजनीतिक परिस्थितियों को इसमें बाधा नहीं बनना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785351 Articles

Share this story