कांग्रेस नेतृत्व ने चुनाव से पहले हार मान लीः भाजपा

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस नेतृत्व ने चुनाव से पहले हार मान लीः भाजपा


देहरादून, 19 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं के उत्तराखंड दौरों और चुनावी दावों पर कहा है कि उनका शीर्ष नेतृत्व राज्य में अपनी संभावनाओं को लेकर पहले ही निराश हो चुका है।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान परिहार ने कहा कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व उत्तराखंड में हार की आशंका से पहले ही मैदान छोड़ चुका है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा राज्य की राजनीतिक स्थिति को समझ चुके हैं और उन्हें प्रदेश में कांग्रेस की कमजोर स्थिति का आभास हो गया है।

परिहार ने कहा कि कांग्रेस लगातार भ्रम और अफवाह फैलाने की राजनीति करती रही है, लेकिन प्रदेश की जनता हर चुनाव में उसे जवाब देती रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दावों और आरोपों में अब विश्वसनीयता नहीं बची है।

परिहार ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार की ओर से किए गए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर भाजपा जनता के बीच जाएगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता एक बार फिर विकास और सुशासन के पक्ष में मतदान करेगी तथा भाजपा की नीतियों पर भरोसा जताएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story