चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस नेताओं का राजनीतिक सैर-सपाटा शुरू : भट्ट
देहरादून, 08 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस नेताओं का राजनीतिक सैर-सपाटा शुरू हो गया है। उन्होंने हल्द्वानी में कांग्रेस की हालिया रैली को फ्लॉप शो करार देते हुए कहा कि पार्टी ने भीड़ जुटाने के लिए ऐसे स्थान का चयन किया, लेकिन उसकी कोशिश भी सफल नहीं हो सकी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि रैली के अपेक्षित सफल नहीं होने पर कांग्रेस अपनी असफलता का ठीकरा प्रशासन पर फोड़कर बचाव का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड समेत देशभर के दलित समाज ने कांग्रेस को नकार दिया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने पेपर लीक के मुद्दे पर कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जब भी परीक्षा से जुड़ी अनियमितताओं के मामले सामने आए, सरकार ने पारदर्शिता के साथ दोबारा परीक्षाएं कराईं। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में दारोगा और पटवारी भर्ती से जुड़े घोटालों की शुरुआत कांग्रेस शासनकाल में हुई थी। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों में अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में कड़ा नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जो दूसरे राज्यों के लिए भी उदाहरण बना है।
भट्ट ने कहा कि भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए राज्य सरकार ने कड़े कानून और जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। उन्होंने दावा किया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय खनन को लेकर माफिया सक्रिय थे, जबकि वर्तमान सरकार ने खनन को राजस्व का स्रोत बनाने की दिशा में काम किया है।
उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को लेकर कांग्रेस की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में पूरे देश की भूमिका थी और इसे केवल किसी एक संगठन या दल तक सीमित नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने स्वतंत्रता के बाद राजनीतिक अवसरों को प्राथमिकता दी, जबकि आरएसएस देश को एकजुट करने के प्रयासों में लगा रहा।
भट्ट ने कांग्रेस पर सरकार और भाजपा के खिलाफ दुष्प्रचार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता राजनीतिक दलों की नीयत को समझती है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से उनके पुराने राजनीतिक रिकॉर्ड को देखने को कहा और सवाल किया कि जिन नेताओं को आज कांग्रेस भ्रष्टाचार के आरोपों में घेर रही है, वे लंबे समय तक कांग्रेस के मंचों की शोभा क्यों बढ़ाते रहे।
उन्होंने कहा कि युवाओं को भर्ती के मुद्दे पर भ्रमित करने के बजाय कांग्रेस को रोजगार के आंकड़ों पर बात करनी चाहिए। भट्ट ने दावा किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल में 40 हजार से अधिक लोगों को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार और स्वरोजगार से जुड़े आंकड़े सरकार की नीतियों के परिणामों को दर्शाते हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस की हालिया राजनीतिक गतिविधियों को हताशा का परिणाम बताते हुए कहा कि कांग्रेस दुष्प्रचार और भीड़ के जरिए राजनीतिक माहौल बनाने का प्रयास कर रही है, लेकिन जनता सब देख रही है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में भाजपा को जनता का समर्थन मिलेगा और पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

