हरीश धामी की टिप्पणी पर भाजपा का पलटवार, फूंका पुतला

WhatsApp Channel Join Now
हरीश धामी की टिप्पणी पर भाजपा का पलटवार, फूंका पुतला


-भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने कांग्रेस से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की

देहरादून, 15 नवंबर (हि.स.)। पिथौरागढ़ के जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति कांग्रेस विधायक हरीश धामी की कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। भाजपा ने विधायक के बयान को सार्वजनिक मंच की मर्यादा के विपरीत बताते हुए कांग्रेस पर हमला बोला। रविवार को भाजपा महानगर के कार्यकर्ताओं ने महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में लैंसडाउन चौक पर प्रदर्शन कर विधायक का पुतला दहन किया।

भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि सार्वजनिक और सांस्कृतिक मंचों की अपनी गरिमा होती है। ऐसे आयोजनों में जनप्रतिनिधियों से मर्यादित भाषा और शालीन व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। मेले जैसे सांस्कृतिक आयोजन में इस प्रकार की टिप्पणी मंच की गरिमा और सार्वजनिक मर्यादाओं पर सवाल खड़े करती है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध और असहमति का अधिकार सभी को है, लेकिन इसकी अभिव्यक्ति शालीन एवं मर्यादित भाषा में होनी चाहिए। भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश की गरिमा, सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि सार्वजनिक मंचों पर इस तरह की टिप्पणियों का विरोध जारी रहेगा।

प्रदर्शन में महानगर उपाध्यक्ष ओम कक्कड़, मंत्री मोहित शर्मा, विनोद शर्मा, प्रदीप कुमार, महिपाल विजय, मंडल अध्यक्ष सुमित पुंडीर, राजीव गुरुंग, आशीष शर्मा, सौरभ शर्मा, विमल उनियाल, विपिन कंबोज, प्रवीण कुमार, अमित, अक्षय राणा, कुणाल तनेजा और संतोष थापा सहित पार्टी पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, पार्षद एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

उधर, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने कहा कि कांग्रेस विधायक के अमर्यादित व्यवहार से पार्टी का चाल, चरित्र और चेहरा एक बार फिर जनता के सामने आया है। उन्होंने कहा कि किसी जनप्रतिनिधि को कोई शिकायत या नाराजगी हो सकती है, लेकिन सार्वजनिक जीवन में अभद्र भाषा और अमर्यादित आचरण स्वीकार्य नहीं है। कांग्रेस को अपने विधायक के व्यवहार के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

जोशी ने आरोप लगाया कि इस तरह का व्यवहार कांग्रेस की अराजक राजनीतिक संस्कृति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि देवभूमि की जनता जनप्रतिनिधियों के अहंकार और अनुचित व्यवहार को स्वीकार नहीं करेगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777571 Articles

Share this story