कांग्रेस की भूमि बचाओ यात्रा पर भाजपा का हमला, विनोद चमोली बोले- राजनीतिक जमीन बचाने का प्रयास

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस की भूमि बचाओ यात्रा पर भाजपा का हमला, विनोद चमोली बोले- राजनीतिक जमीन बचाने का प्रयास


देहरादून, 03 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में कांग्रेस की ‘भूमि बचाओ-धामी हटाओ’ यात्रा को लेकर भाजपा ने मंगलवार को निशाना साधा। भाजपा के वरिष्ठ विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता विनोद चमोली ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकारों ने राज्य में भूमाफिया संस्कृति को बढ़ावा दिया और भूमि आवंटन में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं कीं।

प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में विनोद चमोली ने कहा कि कांग्रेस को भूमि बचाओ यात्रा निकालने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकारों के दौरान भूमि आवंटन के चार दर्जन से अधिक मामले विवादों में रहे। उन्होंने धोलास में शेखुल्ला एजुकेशनल ट्रस्ट को करीब 20 एकड़ भूमि आवंटित किए जाने और अल्मोड़ा के नैनीसार में जिंदल समूह से जुड़े एजुकेशनल ट्रस्ट को करीब 17 एकड़ भूमि दिए जाने का उल्लेख किया।

चमोली ने कहा कि कांग्रेस की सरकारें शिक्षा और पर्यटन में निवेश के नाम पर भूमि आवंटित करती थीं, लेकिन भाजपा सरकार के निवेश संबंधी प्रयासों का विरोध कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की मंशा प्रदेश में निवेश, रोजगार और पर्यटन विकास से जुड़े कार्यों को बाधित करने की है।

भाजपा नेता ने दावा किया कि धामी सरकार ने सख्त भू-कानून लागू कर जमीनों की खरीद-फरोख्त पर नियंत्रण के प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक गतिविधियों के नाम पर अतिक्रमण कर कब्जाई गई 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को सरकार ने मुक्त कराया है। हल्द्वानी के वनभूलपुरा क्षेत्र में रेलवे की करीब 80 एकड़ भूमि को मुक्त कराने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।

चमोली ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी के कार्यकाल में राज्य में करीब 57 भूमि आवंटन किए गए, जिनमें 52 गढ़वाल और पांच कुमाऊं क्षेत्र में थे। उन्होंने कहा कि इनमें कुछ भूमि बेहद कम कीमत पर आवंटित की गई। उन्होंने ऊधमसिंह नगर में राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े भूमि मुआवजा घोटाले का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यात्रा उत्तराखंड की जमीन बचाने के बजाय अपनी राजनीतिक जमीन बचाने का प्रयास है। भाजपा जनता के सहयोग से राज्य की जमीन की रक्षा करेगी। इस दौरान पत्रकार वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, सह प्रभारी राजेंद्र सिंह नेगी, प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक एवं प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन भी मौजूद रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771916 Articles

Share this story