भाजपा की कथनी और करनी में अंतर : धस्माना

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा की कथनी और करनी में अंतर : धस्माना


कोटद्वार, 11 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा पर विकास, सुशासन और सामाजिक समरसता के मुद्दों पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है।

आज कोटद्वार में पत्रकार वार्ता में धस्माना ने कहा कि प्रदेश में पिछले 10 वर्षों से भाजपा की सरकार है, लेकिन विकास के विभिन्न मानकों पर स्थिति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने हरिद्वार मेडिकल कॉलेज को पीपीपी मोड पर संचालित किए जाने को लेकर भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

कानून-व्यवस्था को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं और देहरादून में हत्या, लूट व डकैती की घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने प्रदेश में सड़कों, पुलों और यातायात व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाए।

सामाजिक समरसता के मुद्दे पर धस्माना ने हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद रामलीला मैदान के शुद्धिकरण की घटना का उल्लेख करते हुए भाजपा पर धार्मिक ध्रुवीकरण का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ओर समरसता की बात करती है और दूसरी ओर धार्मिक मुद्दों को लेकर राजनीति करती है।

धस्माना ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कार्यक्रमों में युवाओं की भागीदारी से भाजपा नेतृत्व में बेचैनी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के प्रभाव को रोकने के लिए धार्मिक और जातीय ध्रुवीकरण की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कोटद्वार, लैंसडौन और यमकेश्वर में स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क सुविधाओं की स्थिति पर भी सवाल उठाए तथा लैंसडौन में जंगली जानवरों के हमलों का मुद्दा उठाया।

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के उत्तराखंड दौरे होंगे। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story