दीप्ति रावत बोलीं- सोशल मीडिया से पोस्ट हटाना पर्याप्त नहीं, कांग्रेस को मातृशक्ति देगी जवाब

WhatsApp Channel Join Now
दीप्ति रावत बोलीं- सोशल मीडिया से पोस्ट हटाना पर्याप्त नहीं, कांग्रेस को मातृशक्ति देगी जवाब


देहरादून, 30 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से राष्ट्रीय सेविका समिति की महिलाओं के प्रति की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा ने इसे महिलाओं के सम्मान और गरिमा से जुड़ा मामला बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व से सार्वजनिक माफी मांगने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा की प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा कि सोशल मीडिया से आपत्तिजनक पोस्ट हटाना पर्याप्त नहीं है। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को इस मामले में सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए और भविष्य में ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करने का संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेविका समिति की महिलाएं राष्ट्रसेवा, सामाजिक समरसता और महिला जागरण के कार्यों में जुटी हैं। उनके प्रति इस तरह की टिप्पणी करना महिलाओं के सम्मान पर चोट है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस एक ओर महिला सशक्तीकरण की बात करती है, वहीं दूसरी ओर उसके आधिकारिक सोशल मीडिया मंच से महिलाओं के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया जाता है।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि इस टिप्पणी से संवेदनशील महिलाओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाता रहेगा। महिलाओं का अपमान करने वालों को देश की मातृशक्ति लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी। इस दौरान प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन और महिला मोर्चा की प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. दिव्या नेगी मौजूद रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769537 Articles

Share this story