2027 चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा,प्रकोष्ठों की भूमिका होगी अहम

WhatsApp Channel Join Now
2027 चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा,प्रकोष्ठों की भूमिका होगी अहम


दस हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को संगठन की मुख्यधारा से जोड़ने का लक्ष्य

हल्द्वानी, 15 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कहा कि वर्ष 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठों की भूमिका को और प्रभावी बनाया जाएगा तथा 10 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को संगठन की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।

नैनीताल जिले के हल्द्वानी में आयोजित प्रदेश एवं जिला प्रकोष्ठों के नवनियुक्त संयोजकों और सह-संयोजकों के स्वागत एवं अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने प्रकोष्ठ पदाधिकारियों से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और जनहित से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस मौके पर भाजपा प्रदेश प्रकोष्ठ सह-संयोजक कौस्तुभानंद जोशी ने कहा कि प्रदेश के सभी प्रकोष्ठों की कार्यशालाएं पूरी हो चुकी हैं। अब संगठन शीघ्र ही उन्हें नए दायित्व और कार्यक्रम सौंपकर प्रदेशभर में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देगा। उन्होंने कहा कि मंडल, जिला और प्रदेश स्तर पर 10 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं का समायोजन कर उन्हें संगठन की मुख्यधारा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा नैनीताल जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने कहा कि प्रकोष्ठ संगठन और समाज के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने जिले में चल रहे संगठनात्मक अभियानों की जानकारी भी दी। हल्द्वानी के मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

समारोह में विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। इस दौरान संगठन की आगामी रणनीति, प्रकोष्ठों की भूमिका और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। अंत में पदाधिकारियों ने बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story