उत्तराखंड में पश्चिम बंगाल जीत पर जश्न, धामी बोले-गंगोत्री से गंगासागर तक लहराया भगवा

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में पश्चिम बंगाल जीत पर जश्न, धामी बोले-गंगोत्री से गंगासागर तक लहराया भगवा


उत्तराखंड में पश्चिम बंगाल जीत पर जश्न, धामी बोले-गंगोत्री से गंगासागर तक लहराया भगवा


देहरादून, 04 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की चुनावी सफलता पर देहरादून स्थित बलबीर रोड के प्रदेश मुख्यालय में उत्सव का माहौल देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ता जमकर झूमे और आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया। उत्तराखंड भाजपा ने राज्य में तीन दिन जश्न मनाने की घोषणा की।

सोमवार को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में उत्सव का माहौल रहा। मुख्यालय में ढोल-नगाड़ों के बीच मुख्यमंत्री धामी ने कार्यकर्ताओं के साथ उत्सव मनाया। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं के साथ झालमुड़ी खाकर जीत की खुशी साझा की। उत्तराखंड भाजपा ने राज्य में तीन दिन जश्न मनाने की घोषणा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह ऐसा क्षण है जब गंगोत्री से गंगासागर तक भगवा परचम लहराता नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि यह सफलता कार्यकर्ताओं के समर्पण और जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह जीत की झालमुड़ी का स्वाद है, जिसमें जनता का विश्वास और भाजपा का साथ शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं के साथ विजय उत्सव मनाया और इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि आजादी के बाद ऐसा अवसर आया है जब पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार आई है। गंगोत्री से गंगासागर तक भगवा माहौल दिखाई दे रहा है। उन्होंने इस जीत को कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताते हुए कहा कि अब पार्टी की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। मुख्यमंत्री धामी ने इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व को दिया।

मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल में चुनावी परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां लोगों में भय का माहौल था और मतदान के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा था। उन्होंने महिलाओं के साथ हुए अमानवीय व्यवहार का भी जिक्र किया और कहा कि अनेक कार्यकर्ताओं के बलिदान से यह सरकार बनी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अब पश्चिम बंगाल में 'डबल इंजन सरकार' बनने जा रही है, जिससे विकास की नई राह खुलेगी। साथ ही उन्होंने आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को सेमीफाइनल और 2029 को फाइनल बताते हुए प्रचंड बहुमत का लक्ष्य दोहराया और कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी जीत के संकल्प को लेकर घर-घर जाकर जनसंपर्क बढ़ाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि असम विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत पर पार्टी नेताओं ने इसे विकास और सुशासन की राजनीति की विजय बताया है। भाजपा ने राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी कर राजनीतिक इतिहास रचा है। असम की जनता को देवतुल्य बताते हुए उन्हें इस जनादेश के लिए धन्यवाद दिया गया है। साथ ही भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं के परिश्रम को जीत का प्रमुख आधार बताया गया। इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व,असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के प्रभावी सुशासन और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के संगठनात्मक कौशल को दिया गया है।उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हुआ है। जनादेश को विकास, सुरक्षा और स्थिरता के पक्ष में समर्थन के रूप में देखा जा रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि संगठनात्मक दृष्टि से उत्तराखंड एक मजबूत प्रदेश है और यहां के कार्यकर्ता देशभर में पार्टी के लिए सक्रिय भूमिका निभाते हैं। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने घोषणा की कि पार्टी राज्यभर में तीन दिनों तक जीत का जश्न मनाएगी।

इस अवसर पर मंत्री खजान दास, संगठन महामंत्री अजय कुमार, राज्यसभा सांसद नरेश बंशल, कुंदन परिहार, तरुण बंसल, कैंट विधायक सविता कपूर सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story