भाजपा में कार्यकर्ताओं की राय से तय होंगे विधानसभा उम्मीदवार, तीन स्तर पर होगा आकलन : भट्ट

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा में कार्यकर्ताओं की राय से तय होंगे विधानसभा उम्मीदवार, तीन स्तर पर होगा आकलन : भट्ट


कोर कमेटी की रिपोर्ट, संगठन की रायशुमारी और जनता के फीडबैक के आधार पर बनेगा पैनल

देहरादून, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशियों के चयन में आम कार्यकर्ताओं की राय को प्राथमिकता देगी। पार्टी तीन स्तर पर मिले फीडबैक और आकलन के आधार पर प्रत्याशियों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजेगी। यह जानकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने बुधवार को दी।

पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में भट्ट ने बताया कि प्रत्याशी चयन के लिए पार्टी की कोर कमेटी के सदस्यों को पांच-पांच विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है। ये सदस्य संबंधित क्षेत्रों का दौरा कर सामाजिक समीकरण, राजनीतिक परिस्थितियों और स्थानीय मुद्दों का आकलन कर रहे हैं। कोर कमेटी की बैठक में सदस्य अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा तीन सदस्यीय टीमें विधानसभा क्षेत्रों में रायशुमारी के लिए भेजी जाएंगी। ये टीमें मंडल स्तर तक के पदाधिकारियों से तीन संभावित प्रत्याशियों के नाम बंद लिफाफे या मतपेटी के माध्यम से लेंगी। इसके साथ ही जनता से मिलने वाले फीडबैक को भी चयन प्रक्रिया का आधार बनाया जाएगा। इन तीनों स्तरों से प्राप्त जानकारी के आधार पर प्रत्याशियों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा।

धारचूला के कांग्रेस विधायक हरीश धामी के कथित नरबलि संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भट्ट ने इसे कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति का परिचायक बताया। उन्होंने कहा कि अपने आपको गुंडा बताने और नरबलि जैसी बात करने वाले व्यक्ति को कांग्रेस ने विधायक बनाया है। उन्होंने जौलजीबी मेले के दौरान हुए घटनाक्रम की निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में ऐसे आचरण को स्वीकार नहीं किया जा सकता।

प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार की बहिन भुली योजना का समर्थन करते हुए इसे मातृशक्ति के सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन और राज्य निर्माण में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक सहायता देने से उनकी आत्मनिर्भरता को और मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि लखपति दीदी जैसी पहल के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत किया गया है। बहिन भुली योजना इस दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। कांग्रेस की ओर से योजना पर उठाई जा रही आपत्तियों को उन्होंने सकारात्मक कार्यों में बाधा डालने वाली प्रवृत्ति बताया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779391 Articles

Share this story