जौलजीबी मेले में कांग्रेस विधायक के हंगामे पर भाजपा हमलावर, महेंद्र भट्ट बोले- देवभूमि में ऐसी हरकत बर्दाश्त नहीं

WhatsApp Channel Join Now
जौलजीबी मेले में कांग्रेस विधायक के हंगामे पर भाजपा हमलावर, महेंद्र भट्ट बोले- देवभूमि में ऐसी हरकत बर्दाश्त नहीं


देहरादून, 14 नवंबर (हि.स.)। जौलजीबी मेले में कांग्रेस विधायक के कथित हंगामे और मारपीट के मामले को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर हमला बोला है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने घटना की आलोचना करते हुए इसे शर्मनाक बताया और कांग्रेस नेतृत्व से संबंधित विधायक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने की मांग की।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि जौलजीबी मेले में कांग्रेस विधायक की ओर से की गई मारपीट, हंगामा और अमर्यादित व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना से कांग्रेस का अराजक और अलोकतांत्रिक रवैया एक बार फिर सामने आया है। देवभूमि में इस तरह की गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। इसका जवाब कानूनी और लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता और विधायक प्रदेश सरकार के विकास कार्यों तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की लोकप्रियता से बौखलाए हुए हैं। इसी कारण वे झूठ, भ्रम और अफवाह की राजनीति कर प्रदेश का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। भट्ट ने आरोप लगाया कि सत्ता से बाहर रहने के बावजूद कांग्रेस नेताओं के व्यवहार में बदलाव नहीं आया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से अपील की कि यदि उसमें नैतिकता और साहस शेष है तो वह अपने विधायक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि घटना को लेकर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए और जनता भी लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।

महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर महिलाओं के साथ अन्याय, जातिवादी राजनीति और तुष्टीकरण को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता राजनीतिक दलों के व्यवहार और गतिविधियों को देख रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777218 Articles

Share this story