प्रदेश की 20,070 आंगनवाड़ियों में भाजपा महिला मोर्चा ने चलाया ‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान

WhatsApp Channel Join Now
प्रदेश की 20,070 आंगनवाड़ियों में भाजपा महिला मोर्चा ने चलाया ‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान


प्रदेश की 20,070 आंगनवाड़ियों में भाजपा महिला मोर्चा ने चलाया ‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान


देहरादून, 09 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा ने उत्तराखंड की 20,070 आंगनवाड़ियों में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित कर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और लाभार्थियों से संवाद किया।

महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के तहत 1,59,003 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने और 3,02,693 लाभार्थियों तक पहुंचने का दावा किया गया। कार्यक्रमों में 1,52,834 कार्यकर्ताओं ने योगदान दिया।

भाजपा महिला मोर्चा की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पार्टी के सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के योगदान को सम्मान देना तथा महिला एवं बाल विकास से जुड़े विषयों पर जनसंवाद को बढ़ावा देना था। प्रदेश के विभिन्न जिलों, नगरों और ग्रामीण क्षेत्रों में महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आंगनवाड़ी केंद्रों पर पहुंचकर कार्यक्रमों में भाग लिया।

प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने अभियान की सफलता के लिए महिला मोर्चा की प्रदेश, जिला, मंडल और स्थानीय स्तर की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं बच्चों के पोषण, महिलाओं के स्वास्थ्य और परिवारों में पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनके योगदान को सम्मान देना और उनके अनुभवों को समझना सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा महिलाओं के सशक्तीकरण, बच्चों के कल्याण और पोषण जागरूकता से जुड़े विषयों पर आगे भी सक्रियता से काम करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story