डॉ. ढाल सिंह बिसेन उत्तराखंड के नए राज्यपाल नियुक्त

WhatsApp Channel Join Now
डॉ. ढाल सिंह बिसेन उत्तराखंड के नए राज्यपाल नियुक्त


डॉ. ढाल सिंह बिसेन उत्तराखंड के नए राज्यपाल नियुक्त


देहरादून, 12 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, उनकी नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. बिसेन को राज्यपाल नियुक्त होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार में पूर्व मंत्री, विधायक और सांसद के रूप में डॉ. बिसेन का लंबा राजनीतिक अनुभव रहा है। मुख्यमंत्री ने मां गंगा और बाबा केदार से उनके सफल एवं मंगलमय कार्यकाल की कामना करते हुए विश्वास जताया कि उनके अनुभव का लाभ उत्तराखंड को मिलेगा।

डॉ. ढाल सिंह बिसेन का जन्म 14 मई 1952 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया में हुआ था। चिकित्सा व्यवसाय और कृषि से जुड़े बिसेन ने अपने राजनीतिक जीवन में विधानसभा से लेकर लोकसभा तक का सफर तय किया।

वह 1990, 1993, 1998 और 2003 में मध्य प्रदेश की बरघाट विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित हुए। उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार में वन, परिवहन, खान, स्कूल शिक्षा और जेल विभागों की जिम्मेदारी संभाली। वह 2011 से 2013 तक मध्य प्रदेश के चौथे राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष भी रहे।

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें बालाघाट संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया। चुनाव जीतकर वह 17वीं लोकसभा के सदस्य बने। लोकसभा में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न जनहित से जुड़े मुद्दों पर भागीदारी की। डॉ. बिसेन की शैक्षणिक योग्यता में डीएचबी (होम्योपैथिक) और एवीएमएस शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759787 Articles

Share this story