डॉ. बी. गोपाल रेड्डी जयंती पर श्रद्धांजलि, क्षतिग्रस्त प्रतिमा देख भड़के छात्र
पौड़ी गढ़वाल, 05 अगस्त (हि.स.)।हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बीजीआर परिसर में बुधवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. बी. गोपाल रेड्डी की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई व उनके आदर्शों को याद किया गया। हालांकि श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान जब अतिथि, शिक्षक और छात्र प्रतिमा स्थल पहुंचे तो प्रतिमा की दोनों आंखें क्षतिग्रस्त मिलीं।
यह देखकर छात्रों और पूर्व छात्रसंघ पदाधिकारियों में भारी नाराजगी फैल गई और उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा प्रतिमा की तत्काल मरम्मत की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. युद्धवीर सिंह रावत ने किया। उन्होंने युवाओं से समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा डॉ. बी. गोपाल रेड्डी के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। परिसर निदेशक प्रो. यूसी गैरोला ने कहा कि बीजीआर परिसर का नाम डॉ. बी. गोपाल रेड्डी के सम्मान में रखा गया है।
उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम और सार्वजनिक जीवन में उच्च नैतिक मूल्यों की मिसाल कायम की, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। प्रो. गैरोला ने बताया कि डॉ. बी. गोपाल रेड्डी की प्रतिमा की स्थापना में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ऋत्विक असवाल, पालिका प्रशासन, तत्कालीन जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान तथा विश्वविद्यालय प्रशासन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में परिसर में स्वामी विवेकानंद और डॉ. बी. गोपाल रेड्डी की प्रतिमाओं की स्थापना, बस सुविधा और वॉलीबॉल कोर्ट जैसी कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुई हैं। परिसर का विकास सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने पर पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ऋत्विक असवाल ने इसे महान विभूति के सम्मान के साथ खिलवाड़ बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यह घटना परिसर प्रशासन की लापरवाही को भी दर्शाती है। इस पर परिसर निदेशक प्रो. यूसी गैरोला ने आश्वासन दिया कि प्रतिमा की शीघ्र मरम्मत कराई जाएगी तथा भविष्य में उसकी सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2025-26 की एमएससी गणित की छात्रा अनीषा को सर्वश्रेष्ठ छात्रा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रो. रिहाना जैदी ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता पर अपने विचार व्यक्त किए, जबकि डॉ. दिनेश पांडे ने बताया कि 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूरे होने पर 6 अगस्त को पोस्टर, 8 अगस्त को निबंध और 10 अगस्त को भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
इस मौके पर प्रो. एमसी. पुरोहित, डॉ. अनीता रुडोला, डॉ. सीबी. कोटनाला, डॉ. विक्रम नेगी, पूर्व छात्रसंघ सचिव अमन नेगी, मोहित कुमार, सचिव हर्षवर्धन जैन सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और छात्र मौजूद रहे।कार्यक्रम का संचालन प्रो. एससी. गैरोला ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

