बिंदुखत्ता राजस्व ग्राम पर कांग्रेस कर रही राजनीति, सरकार जल्द देगी फैसला:मनवीर चौहान

WhatsApp Channel Join Now
बिंदुखत्ता राजस्व ग्राम पर कांग्रेस कर रही राजनीति, सरकार जल्द देगी फैसला:मनवीर चौहान


देहरादून, 24 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने गोठ और खत्तों को लेकर कांग्रेस के समर्थन व प्रस्तावित प्रदर्शन को राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम घोषित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और शीघ्र ही इसे कैबिनेट में लाया जाएगा।

मनवीर सिंह चौहान ने मंगलवार को एक बयान जारी कर कहा कि बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम घोषित करने की कसरत अंतिम चरण में है। चुनाव की आहट से पहले कांग्रेस की सक्रियता महज दिखावा है और उसका उद्देश्य दुष्प्रचार का माहौल बनाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में कांग्रेस सरकार ने इन क्षेत्रों के निवासियों को आश्वासन तो दिए, लेकिन सुविधाओं के लिए ठोस कार्य नहीं किए।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने देशभर में लगभग 2.92 करोड़ गरीब परिवारों के लिए आवास उपलब्ध कराए हैं, जिनमें उत्तराखंड के शहरी क्षेत्रों में 34 हजार से अधिक आवास शामिल हैं। ऐसे में विपक्ष की चिंता राजनीतिक अधिक प्रतीत होती है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के नेतृत्व में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि समान मुद्दों पर कांग्रेस के अलग-अलग धड़े अलग-अलग आंदोलन कर रहे हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

चौहान ने कहा कि ग्राम समाज और सरकारी भूमि पर बसे लोगों की समस्या के समाधान के लिए सरकार संवैधानिक प्रावधानों के तहत स्थायी हल निकालने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने दोहराया कि 'डबल इंजन' सरकार की प्रतिबद्धता है कि प्रत्येक जरूरतमंद को आवास उपलब्ध कराया जाएगा और कोई भी बेघर नहीं रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story