बीएचईएल मध्य मार्ग पर बाइक स्टंट और हुड़दंग पड़ा महंगा, दो बाइक सीज
हरिद्वार, 04 जून (हि.स.)। बीएचईएल मध्य मार्ग पर मोटरसाइकिलों से खतरनाक स्टंट करना और हुड़दंग मचाना कुछ युवकों को महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए रानीपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दो बाइक चालकों और उनके दो साथियों के खिलाफ प्रभावी कदम उठाए।
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में कुछ युवक बीएचईएल मध्य मार्ग पर तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए स्टंट करते और सार्वजनिक मार्ग पर हुड़दंग मचाते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद प्रभारी निरीक्षक रानीपुर मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की और वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्टंट में प्रयुक्त दोनों मोटरसाइकिलों को मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत सीज कर दिया। वहीं, उनके साथ मौजूद दो अन्य युवकों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 81 के अंतर्गत चालान किया गया।
स्टंट करने वाले बाइक चालक की पहचान अभिषेक पुत्र रामबाबू, निवासी ब्रह्मपुरी, रावली महदूद, सिडकुल हरिद्वार व फरहान पुत्र गुलफाम, निवासी ग्राम दादूपुर गोविंदपुर, रानीपुर हरिद्वार के रूप में हुई है।
हुड़दंग करने वाले साथी मनीष पाल पुत्र सुदेश पाल, निवासी ब्रह्मपुरी, रावली महदूद, सिडकुल हरिद्वार व अनुज कुमार पुत्र रोहतास कुमार, निवासी ब्रह्मपुरी, रावली महदूद, सिडकुल हरिद्वार बताए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

