हरिद्वार में शुरू हुआ 'बीज-संजीवनी अभियान'

WhatsApp Channel Join Now
हरिद्वार में शुरू हुआ 'बीज-संजीवनी अभियान'


हरिद्वार, 31 जुलाई (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता को बढ़ावा देने के लिए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की पहल पर जनपद में 'बीज-संजीवनी अभियान' शुरू किया गया है।

अभियान के तहत सभी विभागाध्यक्षों को फल और सब्जियों के बीज सुरक्षित कर उनसे 500-500 पौधे तैयार करने का लक्ष्य दिया गया है।

सीडीओ ने बताया कि लोग बीजों को कचरा समझकर फेंक देते हैं। जबकि इन्हीं बीजों से पौधे तैयार कर हरियाली बढ़ाने और जैव विविधता बचाने में मदद मिल सकती है।

अभियान में शासकीय विभागों, स्कूलों, नगर निकायों और सार्वजनिक उपक्रमों की भागीदारी होगी। प्रत्येक विभाग अपने स्तर पर बीजों से पौधे तैयार करेगा। तैयार पौधों का रोपण हरेला पर्व, पर्यावरण दिवस और अन्य पौधारोपण कार्यक्रमों में किया जाएगा। अभियान के लिए एसओपी भी तैयार की गई है ताकि कम लागत में गुणवत्तापूर्ण पौधे मिल सकें।

डॉ. मिश्र ने जनपदवासियों से अपील की कि हर परिवार घर के बीजों से पौधे तैयार करने का संकल्प ले। यदि हर परिवार जुड़ा तो हरिद्वार में लाखों पौधे लगेंगे और जनपद हरित बनेगा। उन्होंने कहा इस अभियान का संदेश है बीजों को मत फेंको, उनसे भविष्य की हरियाली तैयार करो।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story