राज्यपाल  से‘भीष्म’ थिंक टैंक के सदस्यों से की मुलाकात, वैश्विक व सामरिक मुद्दों पर चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
राज्यपाल  से‘भीष्म’ थिंक टैंक के सदस्यों से की मुलाकात, वैश्विक व सामरिक मुद्दों पर चर्चा


देहरादून, 26 मार्च (हि. स.)। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से. नि.) से गुरुवार को लोक भवन में भारत हिमालयन इंटरनेशनल स्ट्रेटेजिक मंच (भीष्म) थिंक टैंक के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान समकालीन वैश्विक परिदृश्य एवं उसके राष्ट्रीय प्रभावों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में थिंक टैंक से जुड़े वरिष्ठ पूर्व सैन्य अधिकारियों और विषय विशेषज्ञों ने आधुनिक युद्ध के बदलते स्वरूप, साइबर और तकनीकी आयाम, ऊर्जा सुरक्षा तथा वैश्विक अर्थव्यवस्था पर संभावित प्रभावों पर अपने विचार साझा किए। इस मौके पर राज्यपाल ने विशेषज्ञों के अनुभव और ज्ञान की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में वैश्विक परिदृश्य तेजी से परिवर्तित हो रहा है, जिसमें पारंपरिक युद्ध के साथ-साथ तकनीक, सूचना और आर्थिक आयाम भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के विमर्श नीति-निर्माण को सुदृढ़ दिशा प्रदान करने के साथ ही उभरती चुनौतियों को समझने और उनके समाधान खोजने में सहायक सिद्ध होंगे।

इस अवसर पर अजय कुमार सिंह, श्याम सरन, ए. जी. थपलियाल, अरविंद वर्मा, संजय शर्मा, अभय कार्की, संतोष नायर, अनिल शर्मा, अनिर्बान दत्ता, संजीव चोपड़ा, शत्रुघ्न सिंह, प्रो. दुर्गेश पंत सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story