बीएचईएल प्रबंधन के खिलाफ श्रमिकों का प्रदर्शन, जल्द जेसीएम बैठक बुलाने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
बीएचईएल प्रबंधन के खिलाफ श्रमिकों का प्रदर्शन, जल्द जेसीएम बैठक बुलाने की मांग


हरिद्वार, 13 मई (हि.स.)। बीएचईएल मजदूर कल्याण परिषद (इंटक) के बैनर तले श्रमिकों ने बुधवार को सीएफएफपी गेट पर एकत्र होकर बीएचईएल कॉरपोरेट प्रबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। श्रमिकों ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्लांट परफॉर्मेंस पेमेंट (पीपीपी) के भुगतान तथा श्रमिकों की विभिन्न लंबित मांगों के समाधान हेतु शीघ्र दो दिवसीय जेसीएम बैठक बुलाने की मांग उठाई। सभा का संचालन संगठन अध्यक्ष मुकुल राज एवं उपाध्यक्ष प्रशांत दीप गुप्ता ने किया।

संगठन के महामंत्री एवं केंद्रीय नेता राजवीर सिंह ने कहा कि बीएचईएल का इस वर्ष टर्नओवर 34,629 करोड़ रुपये और कर पूर्व लाभ 2116 करोड़ रुपये रहा है, जो पिछले वर्ष की तुलना में काफी अधिक है। इसके बावजूद श्रमिकों के पीपीपी भुगतान को लेकर अब तक जेसीएम की तिथि घोषित नहीं की गई है, जिससे कर्मचारियों में रोष है।

प्रदर्शनकारियों ने लैपटॉप वितरण, नई इंसेंटिव स्कीम में सुधार, केंद्रीय विद्यालय सेक्टर-4 में प्रवेश बहाली, ओवरटाइम भुगतान, बेहतर चिकित्सा सुविधाएं तथा मेडिकल डिपेंडेंसी सीमा बढ़ाने सहित कई मांगें उठाईं। सभा की अध्यक्षता राजेंद्र चौहान ने की। इस दौरान राकेश चौहान, अमित सिंह, रविंद्र चौहान, धर्मेंद्र मिश्रा, मनोज यादव, कपिल पुंडीर, इम्तियाज अहमद आदि श्रमिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story