भतकोट में गुलदार की दहशत बरकरार

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 05 अप्रैल (हि.स.)।

जनपद के पोखड़ा ब्लॉक के भतकोट गांव में गुलदार का आतंक लगातार बना हुआ है। वन विभाग द्वारा सक्रिय गुलदार को नरभक्षी घोषित किए जाने के बावजूद उसे पकड़ने में अभी तक सफलता नहीं मिल पाई है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।

बीते गुरुवार को गुलदार के हमले में चार वर्षीय बच्चे की मौत के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों का घेराव कर नाराजगी जताई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग केवल घटनाओं के बाद ही सक्रिय होता है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पोखड़ा और बीरोंखाल ब्लॉक के 10 स्कूलों को सोमवार तक बंद कर दिया गया है। गुलदार की दहशत के कारण ग्रामीणों की दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।

डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने बताया कि गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं और ड्रोन से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा 20 ट्रैपिंग कैमरे और तीन पिंजरे लगाए गए हैं। दो विभागीय शूटरों को भी क्षेत्र में तैनात किया गया है तथा आवश्यकता पड़ने पर निजी शूटरों की तैनाती भी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि स्कूल खुलने पर बच्चों की सुरक्षा के लिए वन और राजस्व विभाग की टीमें एस्कॉर्ट की व्यवस्था करेंगी। प्रभावित क्षेत्र में गुरुवार रात से ही टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।

वन विभाग ने ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मवेशियों के लिए चारा-पत्ती की व्यवस्था भी शुरू की है, ताकि महिलाएं जंगलों में जाने से बच सकें। प्रशासन ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और सहयोग करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story