पिथौरागढ़ में मंत्री भरत सिंह चौधरी ने विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की

WhatsApp Channel Join Now
पिथौरागढ़ में मंत्री भरत सिंह चौधरी ने विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की


पिथौरागढ़, 22 जून (हि.स.)। ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री भरत सिंह चौधरी ने सोमवार को पिथौरागढ़ जिला सभागार में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक कर विकास योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में ग्रामीण विकास, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पशुपालन, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, खादी एवं ग्रामोद्योग तथा एमएसएमई समेत अन्य विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में मंत्री ने विभागवार प्रगति रिपोर्ट का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और युवाओं व महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसके लिए सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा।

मंत्री चौधरी ने कहा कि सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में विकास कार्यों की प्रगति संतोषजनक है और अधिकांश विभाग पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सीमांत परिस्थितियों के बावजूद प्रशासनिक अमला पूरी मुस्तैदी और समर्पण के साथ जनता की सेवा में जुटा है। एक-दो विभागों को छोड़कर किसी भी प्रकार की गंभीर शिकायत सामने नहीं आई है, जो प्रशासनिक कार्यप्रणाली की सकारात्मक स्थिति को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की नीतियों का धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन हो रहा है तथा जवाबदेही, पारदर्शिता और जनसंवेदनशीलता स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। मंत्री ने अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने, लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने और दूरस्थ क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों और समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। इस पर मंत्री ने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं के त्वरित समाधान पर बल दिया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी जनपद के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव रखे।

बैठक के बाद मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए सभी जिलों में निरंतर निगरानी की जा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story