छात्रसंघ चुनाव में तेज हुआ मुकाबला, एनएसयूआई व एबीवीपी ने रैली निकालकर दिखाई ताकत

WhatsApp Channel Join Now
छात्रसंघ चुनाव में तेज हुआ मुकाबला, एनएसयूआई व एबीवीपी ने रैली निकालकर दिखाई ताकत


पौड़ी गढ़वाल, 09 सितंबर (हि.स.)। छात्रसंघ चुनाव का प्रचार अंतिम दौर में पहुंचते ही बुधवार को एनएसयूआई और एबीवीपी ने समर्थकों के साथ रैली निकालकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। मतदान से पहले दोनों छात्र संगठनों के प्रत्याशियों ने छात्रों के बीच पहुंचकर समर्थन जुटाने में पूरी ताकत झोंक दी है। अब शुक्रवार को होने वाला मतदान प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेगा।

एनएसयूआई की ओर से अध्यक्ष पद पर आयुष थपलियाल, सचिव पद पर ऋषभ कुमार और कोषाध्यक्ष पद पर अमीषा नेगी चुनाव मैदान में हैं। बुधवार को एनएसयूआई प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ रैली निकाली। इस दौरान समर्थकों ने प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने के साथ छात्रों से समर्थन की अपील की। दूसरी ओर एबीवीपी ने भी चुनावी मैदान में दमखम दिखाया।

संगठन की ओर से अध्यक्ष पद की प्रत्याशी अनीषा ममगाईं और कोषाध्यक्ष पद की प्रत्याशी सृष्टि ने समर्थकों के साथ रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। दोनों प्रत्याशियों ने छात्रों के बीच पहुंचकर अपने पक्ष में मतदान की अपील की। प्रचार अभियान के अंतिम चरण में दोनों संगठनों की सक्रियता बढ़ने से छात्रसंघ चुनाव का मुकाबला रोचक हो गया है। प्रत्याशी अब एक-एक छात्र तक पहुंचने की कोशिश में जुटे हैं। शुक्रवार को मतदान के बाद ही तस्वीर साफ होगी कि छात्र संगठन की कमान किसके हाथ जाती है। शुक्रवार को होने वाले छात्रसंघ चुनाव के लिए कॉलेज प्रशासन की ओर से मतदान संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान को लेकर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा चुका है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story