गौकशी पर पुलिस का एक्शन, एक गिरफ्तार, साथी फरार

WhatsApp Channel Join Now
गौकशी पर पुलिस का एक्शन, एक गिरफ्तार, साथी फरार


हरिद्वार, 14 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने गौकशी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भगवानपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 200 किलोग्राम गौमांस बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपित को गिरफ्तार किया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

गौकशी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भगवानपुर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम सिकंदरपुर से चांचक जाने वाले टावर मार्ग के पास स्थित पोपलर के खेत में कुछ लोग गौकशी कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपित भागने लगे, लेकिन पुलिस ने बिलाल पुत्र खलील निवासी सिकंदरपुर भैंसवाल, भगवानपुर को मौके से दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गौकशी की घटना में उसके अन्य साथी भी शामिल थे, जो मौके से फरार हो गए।

मौके से पुलिस ने 200 किलोग्राम गौमांस, चार गोवंशीय पशुओं के खुर, गौकशी में प्रयुक्त कुल्हाड़ियां, छुरियां, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, रस्सी, प्लास्टिक टब और अन्य उपकरण बरामद किए। बरामद गौमांस को गड्ढा खुदवाकर अम्लीय छिड़काव के बाद नष्ट कराया गया।

इस मामले में भगवानपुर कोतवाली में उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story