जलती लकड़ी से युवक की पिटाई, वीडियो वायरल

WhatsApp Channel Join Now
जलती लकड़ी से युवक की पिटाई, वीडियो वायरल


पिरान कलियर में मारपीट का वीडियो वायरल, लंगर संचालक पर युवक को जलती लकड़ी से पीटने का आरोप

हरिद्वार, 18 अप्रैल (हि. स.)। जनपद हरिद्वार के पिरान कलियर क्षेत्र से मारपीट की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। विश्व प्रसिद्ध दरगाह हजरत साबिर साहब परिसर के पास एक लंगर संचालक की ओर से एक युवक की जलती लकड़ी से पिटाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, दरगाह क्षेत्र में बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं, जहां लंगर की व्यवस्था भी संचालित होती है। इसी दौरान लंगर क्षेत्र में एक दुकानदार और एक युवक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोप है कि दुकानदार ने जलती हुई लकड़ी से युवक पर हमला कर दिया और उसे बेरहमी से पीट दिया।

वायरल वीडियो में आरोपी युवक को पिटाई करते हुए दिखाई दे रहा है। मौके पर मौजूद कुछ लोगों को यह कहते हुए सुना जा रहा है कि युवक मोबाइल चोरी करने का प्रयास कर रहा था, हालांकि इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना के बाद आरोपी लंगर संचालक मौके से फरार हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश भी देखा जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story