बदरीनाथ में कचरा प्रबंधन से नगर पंचायत ने कमाए नौ लाख रुपये

WhatsApp Channel Join Now
बदरीनाथ में कचरा प्रबंधन से नगर पंचायत ने कमाए नौ लाख रुपये


-यात्राकाल में 485.9 टन कचरा एकत्रित कर किया प्रसंस्कृत, प्लास्टिक से बनाए ब्लॉक

बदरीनाथ/ज्योतिर्मठ, 20 नवंबर (हि.स.)। चारधाम यात्रा को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की दिशा में नगर पंचायत बदरीनाथ ने कचरा प्रबंधन को आय का माध्यम बनाया है। पंचायत ने इस वर्ष यात्रा काल में 485.9 टन कचरा एकत्रित कर उसका वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण किया। इसके विपणन से नगर पंचायत को नौ लाख रुपये की आय प्राप्त हुई है।

नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था प्रभावी बनाने के लिए पंचायत की ओर से सुबह और शाम विशेष सफाई अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के माध्यम से घरों से निकलने वाले कचरे को एकत्रित कर उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा रहा है।

नगर पंचायत की ओर से एकत्रित जैविक और अजैविक कचरे को मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर में प्रसंस्कृत किया जाता है। वहीं, प्लास्टिक कचरे से ब्लॉक तैयार कर उनका विपणन किया जा रहा है। इससे कचरे का उचित निस्तारण होने के साथ ही पंचायत को आय भी प्राप्त हो रही है।

नगर पंचायत बदरीनाथ के अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित ने बताया कि चारधाम यात्रा समाप्त होने के बाद भी बदरीनाथ धाम में गहन स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और कचरे के पुनर्चक्रण की यह पहल चारधाम यात्रा मार्गों को स्वच्छ रखने के साथ ही स्थानीय निकायों के लिए आर्थिक संसाधन जुटाने का माध्यम बन रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story