बद्रीनाथ समेत धार्मिक स्थलों पर तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम पर रोक

WhatsApp Channel Join Now
बद्रीनाथ समेत धार्मिक स्थलों पर तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम पर रोक


ज्योतिर्मठ/चमोली, 26 सितंबर (हि.स.)। श्री बद्रीनाथ धाम सहित चमोली जिले के धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है। जिला मजिस्ट्रेट गौरव कुमार ने धार्मिक स्थलों के आसपास ऐसे साउंड सिस्टम के जरिए कार्यक्रम आयोजित करने पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया है।

जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के आसपास किसी भी कार्यक्रम के आयोजन से पहले स्थानीय प्रशासन से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। संबंधित उप जिलाधिकारी अथवा उप जिला मजिस्ट्रेट कार्यक्रम की प्रकृति और अन्य पहलुओं का परीक्षण करने के बाद स्वयं अनुमति जारी करेंगे। किसी अन्य विभाग या अधिकारी को अनुमति देने के लिए अधिकृत नहीं किया जाएगा।

जिला मजिस्ट्रेट ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन करने वाले आयोजक मंडल अथवा आयोजन समिति के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण

Share this story