बदरीनाथ चढ़ावा प्रकरण: पुलिस ने कब्जे में लिए सीसीटीवी फुटेज, जांच तेज

WhatsApp Channel Join Now
बदरीनाथ चढ़ावा प्रकरण: पुलिस ने कब्जे में लिए सीसीटीवी फुटेज, जांच तेज


बीकेटीसी ने पेन ड्राइव में सौंपे 2 जुलाई के फुटेज, जांच रिपोर्ट सोमवार तक आने की उम्मीद

गोपेश्वर, 11 जुलाई (हि.स.)। बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे की राशि की गणना के दौरान कथित गबन के मामले की जांच कर रही पुलिस ने शनिवार को महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाते हुए दो जुलाई के सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिए। पुलिस अब फुटेज के आधार पर मामले की विस्तृत जांच करेगी।

पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि निष्पक्ष विवेचना के लिए सभी आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस ने श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) से गणना स्थल के सीसीटीवी फुटेज मांगे थे, जिन्हें समिति ने पेन ड्राइव के माध्यम से उपलब्ध करा दिया है।

उल्लेखनीय है कि चढ़ावे की राशि की गणना के दौरान कथित हेराफेरी का मामला सामने आने के बाद बीकेटीसी ने बदरीनाथ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि विवेचना के लिए पुलिस जिन दस्तावेजों और अभिलेखों की मांग कर रही है, उन्हें उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज भी जांच एजेंसी को सौंप दिए गए हैं।

इस बीच मामले की जांच के लिए बीकेटीसी की ओर से गठित चार सदस्यीय आंतरिक जांच समिति ने अपनी जांच पूरी कर ली है। समिति की रिपोर्ट सोमवार तक अध्यक्ष को सौंपे जाने की संभावना है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए बदरीनाथ मंदिर में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की पूर्व स्वीकृत छुट्टियां तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई हैं। मुख्य कार्याधिकारी ने बताया कि अध्यक्ष और मुख्य कार्याधिकारी की अनुमति के बिना कोई भी अधिकारी अथवा कर्मचारी कार्यस्थल नहीं छोड़ सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

Share this story