जर्जर बड़ोन-पकनिया-बिनानी मोटर मार्ग के सुधरेंगे दिन

WhatsApp Channel Join Now

नई टिहरी, 09 अगस्त (हि.स.)। कीर्तिनगर ब्लॉक की कड़ाकोट पट्टी के ग्रामीणों के लिए राहत की खबर है। लंबे समय से बदहाल पड़े बड़ोन-पकनिया-बिनानी मोटर मार्ग के जल्द सुधरने की उम्मीद जगी है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत करीब आठ किलोमीटर लंबे मार्ग पर डामरीकरण और सुधारीकरण कार्य के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं। शासन ने इसके लिए 9.67 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है।

दिऊली, पकनिया और बिनानी समेत कड़ाकोट पट्टी के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला यह मोटर मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। सड़क की खराब सतह और जगह-जगह बने गड्ढों के कारण ग्रामीणों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाली के चलते उन्हें जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ता है।

सड़क की खराब स्थिति का सबसे अधिक असर बीमार और बुजुर्ग लोगों पर पड़ रहा है। अचानक किसी के बीमार होने पर उसे अस्पताल तक पहुंचाना ग्रामीणों के लिए चुनौती बन जाता है। दिऊली में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सुविधा नहीं होने के कारण मरीजों को उपचार के लिए दूसरे स्थानों पर ले जाना पड़ता है। ऐसे में खराब सड़क आपात स्थिति में परेशानी और बढ़ा देती है।

ग्रामीण लंबे समय से सड़क के डामरीकरण और सुधारीकरण की मांग करते आ रहे थे। अब टेंडर प्रक्रिया शुरू होने से ग्रामीणों को जल्द सड़क की दशा सुधरने की उम्मीद है। सड़क का काम पूरा होने के बाद क्षेत्र के दर्जनों गांवों की आवाजाही सुचारु होने के साथ ही मरीजों और बुजुर्गों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

पीएमजीएसवाई कीर्तिनगर के अधिशासी अभियंता शुभम रावत ने बताया कि करीब आठ किलोमीटर सड़क पर डामरीकरण और सुधारीकरण कार्य के लिए शासन से 9.67 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है। टेंडर प्रक्रिया गतिमान है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story