बड़कोट महाविद्यालय को पीजी स्तर तक उच्चीकृत करने सहित प्रमुख मांगें रखीं, मंत्री ने शीघ्र दिया आश्वासन

WhatsApp Channel Join Now
बड़कोट महाविद्यालय को पीजी स्तर तक उच्चीकृत करने सहित प्रमुख मांगें रखीं, मंत्री ने शीघ्र दिया आश्वासन


देहरादून, 24 अगस्त (हि.स.)। राजेंद्र सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय बड़कोट-टटाऊ को स्नातकोत्तर (पीजी) स्तर तक उच्चीकृत करने सहित छात्र-छात्राओं की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर एबीवीपी एवं छात्र संघ पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मुलाकात की और चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने उच्च शिक्षा मंत्री के समक्ष राजकीय महाविद्यालय बड़कोट से जुड़ी लंबे समय से लंबित मांगों को प्रमुखता से रखा। प्रतिनिधियों ने कहा कि महाविद्यालय को पीजी स्तर तक उच्चीकृत करने की मांग पूर्व में भी सरकार के समक्ष रखी जा चुकी है और इस संबंध में सार्वजनिक घोषणाएं भी हुई हैं। इसके बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं होने से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूरदराज के क्षेत्रों में जाना पड़ रहा है।

ज्ञापन में स्व. राजेंद्र सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय बड़कोट को शीघ्र पीजी स्तर तक उच्चीकृत करने, डांडा गांव छानी से महाविद्यालय तक सड़क निर्माण की स्वीकृति देने, महाविद्यालय की चहारदीवारी से संबंधित भूमि विवाद का शीघ्र निस्तारण करने और छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए नियमित बस सेवा उपलब्ध कराने की मांग की गई।

प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई कर रहे मनवीर सिंह चौहान ने उच्च शिक्षा मंत्री को बताया कि बड़कोट नगर क्षेत्र से करीब नौ किलोमीटर की दूरी पर स्थित महाविद्यालय में सीमित परिवहन व्यवस्था के कारण छात्र-छात्राओं, विशेषकर छात्राओं और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को प्रतिदिन आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नियमित बस सेवा के अभाव और सड़क संबंधी समस्याओं के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और राजकीय महाविद्यालय बड़कोट को पीजी स्तर तक उच्चीकृत करने सहित छात्र हितों से जुड़े सभी विषयों के शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि बड़कोट महाविद्यालय का उच्चीकरण क्षेत्र के विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि प्रदेश के युवाओं को उनके निकट ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं की जायज मांगों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाता रहेगा और मांगों के समाधान तक प्रयास जारी रहेंगे।

उन्होंने उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत का छात्र हितों से जुड़े विषयों पर सकारात्मक एवं संवेदनशील रुख के लिए आभार व्यक्त किया।

प्रतिनिधिमंडल में पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष भारत रावत,वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश रावत एवं अतोल रावत,ग्राम प्रधान नगाणगांव हरदेव चौहान,कालिंदी मंडल अध्यक्ष प्रवीण असवाल,महामंत्री तरवीन राणा,पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष आशीष सिंह पंवार,छात्र नेता संपन्न बहुगुणा,उज्ज्वल जुड़ियाल,रोहित सौरभ,आयुष सहित एबीवीपी एवं छात्र संघ के अन्य पदाधिकारी और छात्र प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story