उत्तराखंड में आयुष चिकित्सालयों का निर्माण जल्द पूरा करें: मदन कौशिक

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में आयुष चिकित्सालयों का निर्माण जल्द पूरा करें: मदन कौशिक


-टनकपुर में 50 शैय्या वाले आयुष चिकित्सालय का 80 प्रतिशत काम पूरा, रिक्त पद भरने के निर्देश

देहरादून, 16 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने प्रदेश में निर्माणाधीन आयुष चिकित्सालयों का काम निर्धारित समय में पूरा करने और चिकित्सालयों में रिक्त पदों को जल्द भरने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शुक्रवार को विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं की समीक्षा की।

मंत्री ने राज्य और केंद्र पोषित योजनाओं के तहत बन रहे राजकीय आयुष चिकित्सालयों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि टनकपुर में आयुष मिशन के तहत बन रहे 50 शैय्या वाले चिकित्सालय का 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, कोटद्वार में 50 शैय्या वाले आयुष चिकित्सालय का 65 प्रतिशत काम पूरा हो गया है।

उन्होंने बताया कि हरिद्वार के दिनापुर पथरी में 10 शैय्या वाले आयुष चिकित्सालय का निर्माण पूरा कर लिया गया है। भीमताल में 10 शैय्या वाले चिकित्सालय का 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। मंत्री ने टिहरी जिले के जाखणीधार में प्रस्तावित 50 शैय्या वाले आयुष चिकित्सालय के लिए स्थान चयन की प्रक्रिया जल्द पूरी कर निर्माण शुरू करने के निर्देश दिए।

मंत्री कौशिक ने पिरान कलियर में प्रस्तावित 50 शैय्या वाले यूनानी चिकित्सालय के निर्माण के संबंध में भी अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने को कहा। बैठक में मंत्री ने प्रदेश के सभी आयुष केंद्रों में दवाओं, चिकित्सा उपकरणों, चिकित्सकों और सहायक कर्मचारियों की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने आयुष चिकित्सालयों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी कर सभी पद भरने के निर्देश दिए।

बैठक में आयुर्वेदिक विभाग के निदेशक डॉ.आरपी सिंह, होम्योपैथिक विभाग के निदेशक जेएल फिरमाल, संयुक्त निदेशक डॉ. मिथलेश कुमार, संयुक्त निदेशक एमएस गुंज्याल, एडीसी आलोक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762210 Articles

Share this story