जिला स्तरीय आयुर्वेद चिकित्सा शिविर के पहले दिन 135 मरीजों ने लिया लाभ

WhatsApp Channel Join Now
जिला स्तरीय आयुर्वेद चिकित्सा शिविर के पहले दिन 135 मरीजों ने लिया लाभ


हरिद्वार, 29 जून (हि.स.)। जनपद हरिद्वार के आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र, बहादराबाद में सोमवार को त्रिदिवसीय जिला स्तरीय आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. स्वास्तिक सुरेश ने किया। डॉ. स्वास्तिक सुरेश ने कहा कि आयुर्वेद केवल उपचार की पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली का आधार है। उन्होंने आमजन से आयुर्वेदिक चिकित्सा और जीवनचर्या को अपनाकर निरोग जीवन की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने रोगियों को आयुर्वेदिक परामर्श एवं उपचार प्रदान किए। इस दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल प्रभाकर, शल्य चिकित्सक डॉ. सोरमी सोमकर, क्षारसूत्र विशेषज्ञ डॉ. विजेन्द्र कुशवाह, पंचकर्म विशेषज्ञ डॉ. विकास दुबे तथा डॉ. संजय कुमार ने अपनी सेवाएं दी।

शिविर में पंचकर्म, अग्निकर्म, जलौकावचारण एवं क्षारसूत्र चिकित्सा सहित विभिन्न आयुर्वेदिक उपचार उपलब्ध कराए गए। साथ ही रोगियों को संतुलित आहार-विहार, स्वस्थ जीवनशैली और रोगों की रोकथाम से संबंधित आवश्यक परामर्श भी दिए गए। निःशुल्क औषधि वितरण भी किया गया। वहीं हीमोग्लोबिन, रक्त शर्करा, रक्तचाप और ईसीजी जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

प्रथम दिवस कुल 135 मरीजों ने आयुर्वेदिक परामर्श, पंचकर्म एवं क्षारसूत्र चिकित्सा सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।मीडिया प्रभारी एवं आयुष मिशन विशेषज्ञ डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि यह शिविर 1 जुलाई तक जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story