नुक्कड़ नाटक से ग्रामीणों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए किया प्रेरित
हरिद्वार, 01 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर नेशनल कन्या इंटर कॉलेज खानपुर की एनएसएस इकाई ने जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया। छात्राओं ने जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियां दूर करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया गया। छात्राओं ने खानपुर ब्लॉक के विभिन्न मार्गों से रैली निकालकर लोगों को रक्तदान के महत्व की जानकारी दी। एनएसएस स्वयंसेवियों ने गांव-गांव और घर-घर जाकर स्वस्थ लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
छात्राओं ने बताया कि चिकित्सकीय मानकों के अनुसार किया गया रक्तदान स्वस्थ व्यक्ति के लिए सामान्य प्रक्रिया है और जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है। उन्होंने रक्तदान को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने पर जोर दिया।
कॉलेज के संस्थापक प्रबंधक डॉ. घनश्याम गुप्ता ने कहा कि रक्त का कृत्रिम निर्माण संभव नहीं है, इसलिए स्वस्थ नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। प्रधानाचार्य बलराम गुप्ता ने कहा कि रक्त के विभिन्न घटकों का उपयोग अलग-अलग मरीजों के उपचार में किया जाता है।
कार्यक्रम अधिकारी मीनू यादव ने कहा कि जागरूकता के माध्यम से रक्तदान को लेकर लोगों को वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध कराना जरूरी है। कार्यक्रम में कैंप कमांडर कशिश, अजूबा, नैंसी, साक्षी, शिवानी और पूनम के नेतृत्व में दर्जनों छात्राओं ने भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

