गेट-जेम की तैयारी को लेकर विद्यार्थियों को किया जागरूक

WhatsApp Channel Join Now
गेट-जेम की तैयारी को लेकर विद्यार्थियों को किया जागरूक


हरिद्वार, 24 सितंबर (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के गणित एवं सांख्यिकी विभाग, मुख्य परिसर एवं कन्या गुरुकुल हरिद्वार में बीएससी, एमएससी और बीटेक के विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं करियर मार्गदर्शन के लिए गेट एवं जेम परीक्षाओं की तैयारी को लेकर जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया।

विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को गेट एवं जेम परीक्षाओं के स्वरूप, पात्रता, परीक्षा प्रक्रिया, प्रश्न-पत्र के प्रारूप, महत्वपूर्ण तिथियों तथा आवेदन से जुड़ी आवश्यक जानकारियां दीं।

प्रो. निखिल धवन एवं प्रो. पी. सुमति ने कहा कि एकाग्रचित्त होकर अध्ययन करने से विद्यार्थी अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को विषय की मूल अवधारणाओं के साथ उसके तकनीकी पहलुओं का भी गहन अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।

व्याख्यान में विशेषज्ञों ने बताया कि गेट एवं जेम परीक्षाओं की शुरुआत कब और किस उद्देश्य से हुई तथा वर्तमान समय में उच्च शिक्षा, शोध एवं करियर के क्षेत्र में इनकी उपयोगिता क्या है। विद्यार्थियों को यह भी जानकारी दी गई कि इन परीक्षाओं के लिए कौन आवेदन कर सकता है और तैयारी के दौरान किन महत्वपूर्ण बिंदुओं का ध्यान रखना चाहिए।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. हरेंद्र कुमार ने किया, जबकि डॉ. अजेंद्र कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर डॉ. निधि हांडा, डॉ. ऋतु अरोड़ा, डॉ. सगराम वर्मा, डॉ. ममता, डॉ. सुषमा, दिग्विजय सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story