सड़क हादसा पीड़ितों के लिए कैशलेस उपचार योजना का प्रचार

WhatsApp Channel Join Now
सड़क हादसा पीड़ितों के लिए कैशलेस उपचार योजना का प्रचार


हरिद्वार, 30 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जनपद में पीएम राहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत एआरटीओ नितिन झा और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह ने चिकित्सकों को योजना के प्रावधानों की जानकारी देते हुए उन्हें संवेदनशील और जागरूक किया।

इस दौरान आई रेड के नरेश मिश्रा ने योजना के प्रमुख प्रावधानों और प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। बताया गया कि योजना के तहत पात्र सड़क दुर्घटना पीड़ितों को 1.50 लाख तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा आपातकालीन सहायता के लिए ईआरएसएस-112, सभी सड़कों पर योजना का कवरेज और जिला स्तर पर शिकायत निवारण व्यवस्था की जानकारी भी दी गई।

योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए सीएमओ कार्यालय के साथ ही जनपद के सभी सीएससी केंद्रों पर योजना संबंधी फ्लेक्स लगाए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि प्रचार-प्रसार का उद्देश्य सड़क दुर्घटना पीड़ितों और आमजन को योजना की जानकारी देकर उन्हें समयबद्ध तरीके से लाभ दिलाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story