हत्या के प्रयास के मामले में फरार दाे आराेपित गिरफ्तार
हरिद्वार, 25 जून (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना पथरी पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो फरार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर उनका चालान कर दिया है, जबकि मामले में फरार अन्य आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 24 जून को ग्राम बौड़ाहेड़ी निवासी आजम पुत्र अब्दुल रहमान ने थाना पथरी में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उन पर और उनके परिजनों पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर थाना पथरी में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाना पथरी पुलिस को आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और जांच को तेज करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान इमरान पुत्र हबीब तथा शोयब पुत्र यूनुस, निवासी ग्राम बौड़ाहेड़ी, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

