युवक को जिंदा जलाने की कोशिश, बचाने पहुंचे समधी व बेटों पर हमला

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 09 अप्रैल (हि.स.)। पथरी क्षेत्र के गांव इब्राहिमपुर में पुरानी रंजिश के चलते दबंगों द्वारा एक युवक को कमरे में बंद कर जिंदा जलाने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक को बचाने पहुंचे समधी और उसके बेटों पर भी धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तहरीर में खान मोहम्मद पुत्र महबूब अली निवासी ग्राम इब्राहिमपुर ने बताया कि उसका समधी रियासत खान पुत्र लियाकत खान भी उसी गांव में रहता है। 7 अप्रैल 2026 की शाम करीब 4.30 बजे वह अपने छोटे बेटे इकरार के साथ बहू शबनम को लेकर रियासत के घर मिलने गया था। आरोप है कि जब वे वहां पहुंचे तो शौकत, रुसतम, अमजद, फिरोज, वसीम, तजम्मुल, तनवीर, ताजीम और मुन्तजीर पुत्र रिफाकत निवासी इब्राहिमपुर रियासत के साथ मारपीट कर रहे थे। आरोपिताें ने रियासत को कमरे में बंद कर आग लगा दी थी। खान मोहम्मद ने किसी तरह रियासत को बाहर निकालकर उसकी जान बचाई, लेकिन इस दौरान आरोपिताें ने उस पर भी धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर खान मोहम्मद के बेटे अशरफ और अफजल भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि हमलावरों ने उन पर भी जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। पीडि़त पक्ष का कहना है कि घटना का वीडियो भी मौजूद है।थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपिताें के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story