लाठी-डंडों और तलवारों से जानलेवा हमले का वाला गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
लाठी-डंडों और तलवारों से जानलेवा हमले का वाला गिरफ्तार


हरिद्वार, 12 जून (हि.स.)। सिडकुल क्षेत्र में लाठी-डंडों और तलवारों से लैस होकर किए गए जानलेवा हमले के मामले में सिडकुल पुलिस ने घटना में शामिल एक फरार आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, थाना सिडकुल में 10 जून को सचिन पुत्र सुबीर निवासी तलाई तल्ली, जनपद पौड़ी गढ़वाल (हाल निवासी ओम शांति धाम कॉलोनी, हेतमपुर, सिडकुल) की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि विशाल समेत 9-10 लोगों ने एक राय होकर लाठी-डंडों व तलवारों से लैस होकर उसके भाई, जीजा और मित्र पर जान से मारने की नीयत से हमला किया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने मामले के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर आवश्यक निर्देश दिए थे। निर्देशों के अनुपालन में सिडकुल पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए 12 जून को एक फरार आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान दीपक पुत्र पप्पू निवासी ग्राम हेतमपुर, थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा आरोपितों को संरक्षण देने की जानकारी सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story