हरिद्वार में मनाया गया एथलेटिक्स डे ऑफ इंडिया, दक्षेश्वर मंदिर में हुई विशेष पूजा
हरिद्वार, 01 अगस्त(हि.स.)। एथलेटिक्स एसोसिएटेड एवं स्पोर्ट्स अकैडमी हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को एथलेटिक्स डे ऑफ इंडिया उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर खेलों के महत्व को रेखांकित करते हुए प्रदेश में एथलेटिक्स को बढ़ावा देने और युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रसिद्ध दक्षेश्वर महादेव मंदिर स्थित मां गंगा के पावन तट पर दुग्धाभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना के साथ हुई। उपस्थित खेल अधिकारियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और गणमान्य नागरिकों ने मां गंगा से प्रदेश और देश में खेलों एवं एथलेटिक्स के निरंतर विकास, खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य तथा स्वस्थ समाज की कामना की। आयोजकों ने बताया कि प्रातःकाल आयोजित होने वाला गोल्डन माइल रन व सम्मान समारोह वर्षा के कारण स्थगित करना पड़ा है। अब यह आयोजन अगस्त माह में राष्ट्रीय खेल दिवस पर किया जाएगा। इसमें जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों और खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा।
इस मौके पर डॉ. हरिराम आर्य इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अरविंद शर्मा, शिक्षा विभाग से अजय शर्मा और संजय अरोड़ा, उपप्रधानाचार्य प्रवीण कुमार त्यागी, गोरखा नेपाली महिला कल्याण समिति की अध्यक्ष पद्मा पांडे, स्पोर्ट्स अकैडमी के अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल, सचिव भारत भूषण, एथलेटिक्स एसोसिएटेड के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल सहित राष्ट्रीय खिलाड़ी अंकुश, अक्षय कुमार और बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

