राज्य निर्माण के लिए सदैव अटलजी के कृतज्ञ रहेंगे देवभूमिवासी: महेंद्र भट्ट

WhatsApp Channel Join Now
राज्य निर्माण के लिए सदैव अटलजी के कृतज्ञ रहेंगे देवभूमिवासी: महेंद्र भट्ट


-पूर्व प्रधानमंत्री अटलजी की जयंती पर प्रदेशभर में हुए कार्यक्रम

देहरादून, 25 दिसंबर (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी 101वीं जयंती पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयाेजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि अटल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को चमत्कारिक बताया। उन्हाेंने कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने देश को विकास और सुशासन की नई दिशा दी है।

गुरुवार का पार्टी मुख्यालय से लेकर विधानसभा स्तर पर विभिन्न आयाेजनाें में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद कर श्रद्धांजलि दी। एक कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि अटलजी का मूल्यों और आदर्शों पर आधारित संपूर्ण जीवन हम कार्यकर्ताओं के लिए अनमोल हैं। राष्ट्र के लिए उनके अनूठे कर्तव्य, गरीब कल्याण के सतत प्रयास और अद्वितीय संगठन सहयोग सदैव प्रेरणा देता रहेगा। जहां तक सवाल है उत्तराखंड का तो राज्य निर्माण के लिए यहां का जनमानस हमेशा उनका कृतज्ञ रहेगा।

इसी क्रम में पार्टी मुख्यालय में भी अटलजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर वक्ताओं ने उनके योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम में शामिल सभी वक्ताओं ने एकस्वर में स्वर्गीय अटल के उत्तराखंड निर्माण में दिए योगदान को अतुलनीय बताया। साथ विश्वास दिलाया कि समस्त देवभूमिवासी और उनकी आने वाली पीढ़ियां आजीवन उनके इस ऐतिहासिक और साहसिक निर्णय के प्रति कृतज्ञ रहेंगी।

कार्यक्रम में टिहरी सांसद महारानी माला राज्यलक्ष्मी शाह, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, पूर्व प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने भी वाजपेयी के जीवन चरित्र पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। इस दौरान प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, सरकार में दायित्वधारी विनय रूहेला, सुभाष बड़थ्वाल, भगवत मकवाना, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी, कमलेश रमन समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार

Share this story