पौड़ी की बेटी संभालेगी जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था, डॉ. मेघना बनीं नई सीएमओ

WhatsApp Channel Join Now
पौड़ी की बेटी संभालेगी जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था, डॉ. मेघना बनीं नई सीएमओ


पौड़ी गढ़वाल, 31 जुलाई (हि.स.)। जनपद पौड़ी की स्वास्थ्य व्यवस्था की कमान अब वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. मेघना असवाल के हाथों में होगी। सेवानिवृत्त हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला के स्थान पर उन्होंने शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) का पदभार ग्रहण कर लिया।

विकासखंड कल्जीखाल के बड़कोट गांव की मूल निवासी डॉ. मेघना असवाल लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं और प्रशासनिक कार्यों में सक्रिय रही हैं। वह जिला महिला चिकित्सालय पौड़ी और उप जिला अस्पताल प्रेमनगर में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। कार्यभार संभालने से पहले वह जिला अस्पताल देहरादून में तैनात थीं।

जिला मुख्यालय स्थित सीएमओ कार्यालय में आयोजित सादे कार्यक्रम में सेवानिवृत्त सीएमओ डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने उनका स्वागत करते हुए विधिवत कार्यभार सौंपा। इस दौरान उन्होंने विभाग की विभिन्न योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, लंबित कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए आवश्यक फीडबैक भी साझा किया।

डॉ. मेघना असवाल की नियुक्ति को जनपद के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चिकित्सकीय अनुभव के साथ प्रशासनिक दक्षता रखने वाली डॉ. असवाल से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की उम्मीद जताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उनका स्वागत करते हुए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story