गैरसैंण में विधानसभा सत्र कल से, सात हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट होगा पेश

WhatsApp Channel Join Now
गैरसैंण में विधानसभा सत्र कल से, सात हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट होगा पेश


गैरसैंण, 26 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड विधानसभा का दो दिवसीय सत्र मंगलवार से ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में शुरू होगा। सत्र के दौरान राज्य सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सात हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट पेश करेगी। हालांकि, सत्र की अवधि बढ़ने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी और पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट सहित दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के साथ शुरू होगी। पहले दिन प्रश्नकाल और शून्यकाल नहीं होगा। श्रद्धांजलि के बाद सरकार अनुपूरक बजट और विभिन्न विधेयक सदन में प्रस्तुत करेगी।

राज्य मंत्रिमंडल ने 22 अक्टूबर को अनुपूरक बजट के आकार को मंजूरी दी थी। इस बजट के माध्यम से चालू वित्तीय वर्ष के मूल बजट के अतिरिक्त विभिन्न विभागों की वित्तीय जरूरतों और विकास कार्यों के लिए धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार ने इससे पहले वित्तीय वर्ष 2026-27 का मूल बजट भी गैरसैंण में ही पेश किया था, जिसका आकार करीब एक लाख एक हजार करोड़ रुपये था।

मौजूदा विधानसभा का अंतिम सत्र होने और आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सत्र के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से क्षेत्र के लिए कुछ नई घोषणाएं किए जाने की भी उम्मीद है।

सत्र के दूसरे दिन 28 अक्टूबर को प्रश्नकाल के साथ सदन की कार्यवाही आगे बढ़ाने और अनुपूरक बजट और पहले दिन प्रस्तुत विधेयकों पर चर्चा कर उन्हें पारित कराने की योजना है। दूसरे दिन की कार्यवाही का एजेंडा तय करने के लिए मंगलवार शाम गैरसैंण में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक प्रस्तावित है।

हालांकि, 24 अक्टूबर को देहरादून में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण की अध्यक्षता में हुई कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में सदन की कार्यवाही के लिए केवल एक दिन का एजेंडा तय किया गया था। ऐसे में सत्र की वास्तविक कार्य अवधि को लेकर संशय बना हुआ है।

विधानसभा अध्यक्ष ने की सहयोग की अपील

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने सभी दलों से सदन की कार्यवाही शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से चलाने में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान विधायकों को अपने क्षेत्रों की समस्याएं उठाने और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर मिलना चाहिए।

गौरतलब है कि शनिवार को देहरादून के यमुना कॉलोनी स्थित विधानसभा अध्यक्ष के आवास पर हुई कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में संसदीय कार्य मंत्री सुबोध उनियाल, भाजपा विधायक सहदेव पुंडीर और उमेश शर्मा काऊ तथा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक मोहम्मद शहजाद शामिल हुए थे। कांग्रेस की ओर से नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और विधायक प्रीतम सिंह बैठक में शामिल नहीं हुए थे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767305 Articles

Share this story